डीग, 30 जून। राज्य सरकार द्वारा आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित ‘शहरी सेवा शिविर’ अभियान के तहत नगर पालिका सीकरी में आयोजित शिविर एक स्थानीय नागरिक के लिए बड़ी सौगात लेकर आया। प्रशासनिक सजगता का परिचय देते हुए अधिकारियों ने लंबे समय से लंबित कार्य का मौके पर ही निस्तारण कर लाभार्थी को उनके घर का वैध पट्टा सुपुर्द किया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सीकरी निवासी गुरूनाम सिंह पुत्र सुक्खा सिंह ने अपने आवास के पट्टे के लिए नगर पालिका सीकरी में आवेदन प्रस्तुत किया था। मंगलवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान उपखण्ड अधिकारी सीकरी एवं अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका सीकरी ने नियमों के तहत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। प्रशासनिक तत्परता के चलते लाभार्थी गुरूनाम सिंह को मौके पर ही उनके आवास का वैध पट्टा सौंपा गया।

बिना किसी विभागीय जटिलता के घर बैठे ही अपने आशियाने का मालिकाना हक मिलने पर लाभार्थी गुरूनाम सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस संवेदनशील प्रशासनिक पहल के लिए उपखण्ड प्रशासन तथा नगर पालिका प्रशासन सीकरी का आभार जताते हुए कहा कि इस कार्यवाही से उनके पूरे परिवार का बरसों पुराना सपना सच हुआ है। यह शिविर आमजन के कार्यों को गति देने और उन्हें शासन की योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाने में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

Next Story