डीग: संस्कृति प्रवाह परीक्षा का परिणाम घोषित, मेधावी छात्र पुरस्कृत
रानी लक्ष्मीबाई सरस्वती संस्कार केंद्र में आयोजित परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के साथ संस्कारों का विकास करना है।

डीग के हनुमान मोहल्ला स्थित रानी लक्ष्मीबाई सरस्वती संस्कार केंद्र में मेधावी छात्राओं को पुरस्कार प्रदान करते जिला संयोजक चैतन्य प्रकाश अग्रवाल और अन्य अतिथि।
डीग, 16 अप्रैल। स्थानीय हनुमान मौहल्ला स्थित रानी लक्ष्मीबाई सरस्वती संस्कार केन्द्र में आज हर्षोल्लास के साथ 'संस्कृति प्रवाह परीक्षा' का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। उच्च प्राथमिक आदर्श विद्या मन्दिर डीग द्वारा संचालित इस केन्द्र पर आयोजित गरिमामयी समारोह में न केवल परीक्षा के परिणामों की घोषणा हुई, बल्कि शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देने वाले मेधावियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए जिला संस्कार केन्द्र संयोजक चैतन्य प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि आदर्श विद्या मन्दिर समिति भरतपुर के तत्वावधान में सम्पूर्ण जिले के आदर्श विद्या मन्दिरों द्वारा सेवा बस्तियों में इन संस्कार केन्द्रों का संचालन किया जाता है। इन केन्द्रों का मूल उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ नई पीढ़ी में संस्कारों का बीजारोपण करना और उनके चरित्र निर्माण के लिए विशेष प्रयास सुनिश्चित करना है।
समारोह के मुख्य आकर्षण रहे पुरस्कार वितरण सत्र में संस्कार केन्द्र समिति के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक फत्ते सिंह, जिला संस्कार केन्द्र संयोजक चैतन्य प्रकाश अग्रवाल तथा प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से परीक्षा में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने वाले और उत्तीर्ण होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार भेंट किए। इस अवसर पर केन्द्र के पालक बालकिशन आचार्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह आयोजन न केवल बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धि का प्रमाण बना, बल्कि सेवा बस्तियों में शिक्षा और संस्कार के संगम के रूप में अपनी सार्थकता सिद्ध की।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
