डीग के अऊ गांव में सड़क सुरक्षा अभियान, एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने किया पौधारोपण
डीग के अऊ गांव स्थित जय श्रीराम उच्च माध्यमिक विद्यालय में सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां एसपी कांबले शरण गोपीनाथ सहित ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और यातायात नियमों का संदेश दिया।

तस्वीर में जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ और अन्य लोग अऊ गांव में पौधारोपण करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
डीग 20 जुलाई। सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता अभियान के तहत डीग सदर थाना पुलिस द्वारा गोद लिए गए ऐतिहासिक गांव अऊ स्थित जय श्रीराम उच्च माध्यमिक विद्यालय में रविवार को व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने पौधारोपण कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर समाजसेविका डॉ. रचना सिंह ने भी पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक माँ अपने बच्चे का पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार लगाए गए पौधों की भी नियमित देखभाल करनी चाहिए। पौधों का जीवन भी मानवीय जीवन की तरह अमूल्य होता है और उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
सदर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी अनेक लोगों की जान बचा सकती है। साथ ही उन्होंने सड़क किनारे अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि चंद्रभान शर्मा ने अपनी प्रेरणादायी कविता के माध्यम से प्रकृति के कण-कण में संगीत और जीवन का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इस दौरान पेपर कटिंग एवं सांझी कला के क्षेत्र में डीग जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले युवा कलाकार आयुष सोनी को हाल ही में लंदन की संसद में सम्मानित होने पर समाजसेविका डॉ. रचना सिंह ने दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। डॉ. रचना सिंह ने कहा कि प्रतिभा किसी स्थान या संसाधन की मोहताज नहीं होती, उसे केवल सही पहचान और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प और समर्पण से सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेशों के साथ ग्रामीणों ने भी पौधारोपण और यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यालय परिवार, गांव के बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे, युवा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

