डीग: सड़क सुरक्षा अभियान के तहत अऊ गांव में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भरतपुर रेंज आईजी के निर्देशन में पुलिस ने ग्रामीणों को यातायात नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया।

डीग जिले के अऊ गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते पुलिस उपाधीक्षक सीताराम बैरवा और अन्य पुलिसकर्मी।
भरतपुर रेंज आईजी के निर्देशन में चलाए जा रहे जीवन रक्षा सड़क सुरक्षा अभियान के तहत डीग पुलिस उपाधीक्षक सीताराम बैरवा के सुपरविजन में सदर थाना क्षेत्र के ग्राम अऊ में जन सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सदर थाना अंतर्गत चौकी प्रभारी राकेश कुमार शर्मा, ग्रामीणों सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपाधीक्षक सीताराम बैरवा ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए जीवन रक्षा सड़क सुरक्षा अभियान के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों एवं उनसे होने वाले लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा समझाइश की। उन्होंने लोगों को यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर जोर देते हुए सुरक्षित जीवन के लिए सतर्कता को आवश्यक बताया।
सदर थाना प्रभारी विजय सिंह मीणा ने अभियान के तहत गोद लिए गए गांव अऊ में आमजन को जागरूक करते हुए स्पष्ट अपील की कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा शराब पीकर एवं ओवर स्पीड में वाहन चलाने से बचें। उन्होंने ग्रामीणों से हेलमेट खरीदने की भी अपील की।
सीओ सीताराम बैरवा ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक कैलाश चंद्र विश्नोई के निर्देशन में डीग जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में 4 मई से 31 मई तक जन जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत गोद लिए गए गांवों में जाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्थानीय ग्राम अऊ के वरिष्ठ साहित्यकार सुरेन्द्र सार्थक एवं कवि चंद्रभान शर्मा चंचल ने कविता के माध्यम से आपदा प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा की जानकारी देकर कार्यक्रम को जनसरोकारों से जोड़ते हुए प्रभावी बनाया।
सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
