राजस्थान में सुशासन की स्थापना और 'अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास' के मूल मंत्र को चरितार्थ करने के प्रति प्रतिबद्ध राज्य सरकार ने डीग जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए, शनिवार को डीग पुलिस लाइन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने जिला पुलिस को सुरक्षा कवच प्रदान किया। इस अवसर पर मंत्री ने अपनी विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना से डीग पुलिस को छह नई महिंद्रा बोलेरो गाड़ियां समर्पित कीं, जिससे जिले की गश्त व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी। कार्यक्रम के दौरान एक अन्य वाहन पंचायत समिति नगर को भी सौंपा गया, ताकि राजकीय योजनाओं का लाभ आमजन तक सुगमता से पहुंच सके।

समारोह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि डीग एक नवगठित जिला है और भौगोलिक दृष्टि से अन्य राज्यों की सीमाओं के निकट होने के कारण यहाँ सुरक्षा और चाक-चौबंद गश्त अत्यंत अनिवार्य है। संसाधनों की कमी को देखते हुए, उन्होंने जनहित में अपनी विधायक निधि का सदुपयोग करते हुए इन वाहनों को स्वीकृत किया। मंत्री ने जिला पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आधुनिक ईआरवी-112 वाहनों के साथ-साथ इन नई गाड़ियों को जिला विशेष टीम और स्थानीय थानों की गश्त में शामिल किया जाए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि थानों में खड़ी पुरानी गाड़ियों की मरम्मत स्थानीय भामाशाहों के सहयोग से करवाकर उन्हें कस्बों और बाजारों के सात से आठ किलोमीटर के दायरे में निगरानी के लिए उपयोग में लाया जाए।

राज्य सरकार की प्रशासनिक मुस्तैदी का उल्लेख करते हुए गृह राज्य मंत्री ने अपराध नियंत्रण के आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि भजनलाल सरकार के कड़े रुख के कारण पिछले सवा दो वर्षों में प्रदेश में सभी प्रकार के अपराधों के ग्राफ में लगभग 15 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। हत्या, डकैती और लूट जैसे गंभीर अपराधों में 18.74 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि विशिष्ट श्रेणी के अपराधों में 40 से 45 प्रतिशत तक की कमी देखी गई है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता में वृद्धि और सरकार के स्पष्ट विज़न के कारण अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं। कार्यक्रम के समापन पर गृह राज्य मंत्री ने जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ को वाहनों की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपीं और हरी झंडी दिखाकर उन्हें गश्त के लिए रवाना किया। इस अवसर पर डीग सीओ सीताराम बैरवा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story