डीग में 592 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव में विकास और रोजगार पर सरकार का जोर
डीग में मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के दौरान 592 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। समारोह में रोजगार, विकास और प्रमुख परियोजनाओं पर सरकार ने बड़े दावे किए।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, एक नवनियुक्त अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक डॉ. शैलेश सिंह और जिला कलेक्टर मयंक मनीष डीग के कार्यक्रम में मंच पर उपस्थित हैं।
राज्य सरकार की मंशानुरूप युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने और उन्हें संबल प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डीग के सभागार में मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिले के 592 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को मुख्य अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, प्रभारी सचिव डीग एवं संभागीय आयुक्त भरतपुर नलिनी कठोतिया तथा जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने समारोहपूर्वक नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान सभागार में मौजूद सभी अतिथियों, अधिकारियों और नवनियुक्त कार्मिकों ने बालोतरा के पचपदरा में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य समारोह तथा रिफाइनरी लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा लाइव टेलीकास्ट देखा और सुना। इससे पहले अतिथियों ने मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समारोह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज सरकारी सेवा में आने वाले युवाओं का चयन पूरी तरह उनकी मेहनत के आधार पर हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में पेपर लीक की घटनाओं से नौजवान और उनके माता-पिता परेशान रहते थे, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार ने इस कुप्रथा को समाप्त कर यह सुनिश्चित किया है कि जो मेहनत करेगा, वही नौकरी पाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में एक साथ 53,977 युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं, जो युवाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से इस उपलब्धि के लिए अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लेने का भी आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार विकसित राजस्थान के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश की तस्वीर बदली है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान की अर्थव्यवस्था की रीढ़ साबित होगी, जिससे राज्य को अभूतपूर्व आर्थिक लाभ मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन रिफाइनरी का कार्य अटका रहा, जबकि इसे वास्तविक संजीवनी देने का कार्य देश के प्रधानमंत्री ने किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक के व्यक्तिगत विकास, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
किसानों और आमजन के हित में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए गृह राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली किसान सम्मान निधि की 6,000 रुपये की राशि में राज्य सरकार ने 3,000 रुपये की अतिरिक्त वृद्धि की है, जिससे अब राजस्थान के किसानों को प्रतिवर्ष 9,000 रुपये मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी पांच वर्षों में इस राशि को बढ़ाकर 12,000 रुपये तक किया जाएगा। किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। महिलाओं के स्वावलंबन के लिए लखपति दीदी योजना के तहत लाखों रुपये का ऋण बेहद सस्ती दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि पीएम स्वनिधि योजना के तहत बिना गारंटी ऋण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत देश में कहीं भी 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध है और राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर 25 लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार सुनिश्चित किया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में डीग जिले में सड़कें, नहरें, अस्पताल, स्कूल, थाने और कॉलेज निर्माण सहित 10,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में जनता तक पानी पहुंचाने के नाम पर हुए भ्रष्टाचार के दोषियों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जेल के पीछे भेजने का काम किया है।
विशिष्ट अतिथि डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में प्रवेश के साथ ही उनके कंधों पर समाज, राष्ट्र और परिवार के कल्याण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आई है, जिसका निर्वहन पूरी निष्ठा और सफलता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी और संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना को पूरे देश का सबसे बड़ा और युगांतरकारी प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि इससे पूरे क्षेत्र में रोजगार और खुशहाली का नया दौर शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से शेखावाटी सहित पानी की कमी वाले क्षेत्रों की दशकों पुरानी मांग पूरी हो रही है।
स्थानीय विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए डॉ. शैलेश सिंह ने बताया कि डीग जिला चिकित्सालय और डीग बाईपास निर्माण के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पूँछरी का लौठा क्षेत्र में 700 से 800 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य चल रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने गुड़गांव फीडर, होम्स फीडर और भरतपुर फीडर के लिए 375 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने पर सरकार का धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे जिले के 85 प्रतिशत गांवों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होना सुनिश्चित होगा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक उमेश चंद प्रजापति ने किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
