डीग में बुधवार, 12 अगस्त को उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डीग डॉ. मान सिंह की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों एवं महिला स्वास्थ्य कर्मियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मान सिंह ने कार्यक्रमों में गति लाने के निर्देश देते हुए बताया कि गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की बीपी, शुगर और कैंसर जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग बढ़ाई जाए। स्क्रीन किए गए मरीजों का डेटा तुरंत पोर्टल पर ऑनलाइन फीड करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में वर्षा ऋतु के मद्देनजर मौसमी बीमारियों, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, गैर-संचारी रोगों और मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रगति पर गहन चर्चा की गई। इस दौरान चार बिंदुओं पर विशेष रणनीति तैयार की गई।

डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और मौसमी बुखार की रोकथाम के लिए फील्ड स्टाफ को एक्टिव सर्विलांस के निर्देश दिए गए। बीसीएमओ ने कहा कि बुखार के हर मरीज की रक्त पट्टिका अनिवार्य रूप से बनाई जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी-लार्वा गतिविधियों यानी सोर्स रिडक्शन में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के संबंध में प्रसव के समय इन महिलाओं के लिए जिला अस्पताल स्तर पर रक्त की अग्रिम व्यवस्था और सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रजनन एवं शिशु रोग अधिकारी डॉ. धर्मवीर फौजदार ने मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान और शत-प्रतिशत लाइन-लिस्टिंग करने के निर्देश दिए।

मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. रामअवतार शर्मा ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले तनाव, अवसाद या अन्य मानसिक समस्याओं से पीड़ित मरीजों की उचित काउंसलिंग करने तथा गंभीर मामलों को विशेषज्ञ उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि टेली मानस के टोल फ्री नंबर 18008914416 एवं 14416 पर कॉल कर मानसिक स्वास्थ्य परामर्श एवं काउंसलिंग प्राप्त की जा सकती है।

बैठक में टीबी मुक्त राजस्थान कार्यक्रम एवं एनीमिया मुक्त राजस्थान कार्यक्रम के तहत भी सभी स्वास्थ्य कर्मियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निर्देश दिए गए। बैठक में दिए गए निर्देशों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, रोगों की समय पर पहचान और संबंधित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story