डीग, 12 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में डीग और कुम्हेर में होने वाले मतदान को लेकर चुनाव प्रचार पर सख्ती शुरू हो गई है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार 12 नवंबर को शाम 6 बजे से मौन अवधि लागू कर दी गई है। यह प्रतिबंध 16 नवंबर को मतदान समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।

चतुर्थ चरण के तहत डीग और कुम्हेर में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 14 नवंबर को तथा सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि मौन अवधि के दौरान आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा, नुक्कड़ सभा, रोड शो, जनसभा, पदयात्रा अथवा निर्वाचन से संबंधित जुलूस निकालने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों, अभ्यर्थियों और उनके समर्थकों को मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से किसी भी तरह का प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क कार्यक्रम या नाट्य प्रस्तुति आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। मतदान केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में प्रचार-प्रसार, मत याचना, लोगों के एकत्रीकरण और प्रचार सामग्री के वितरण पर भी प्रतिबंध रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतदान दिवस 14 एवं 16 नवंबर तथा उससे पूर्व की 48 घंटे की अवधि में संपूर्ण मतदान क्षेत्र में मदिरा का वितरण, परिवहन, भंडारण और सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में कोई भी अभ्यर्थी अथवा राजनीतिक दल चलचित्र, टेलीविजन, सोशल मीडिया या अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से निर्वाचन संबंधी प्रचार-प्रसार नहीं कर सकेगा।

इसके अलावा, 16 नवंबर को मतदान समाप्ति तक एग्जिट पोल, ओपिनियन पोल अथवा किसी भी प्रकार के सर्वेक्षण के परिणाम प्रकाशित, प्रसारित या प्रचारित करने पर भी रोक रहेगी। मतदाताओं को मतदान केंद्र तक ले जाने के लिए वाहनों का उपयोग प्रतिबंधित किया गया है। हालांकि, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए निर्धारित शासकीय परिवहन व्यवस्था को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने संबंधित अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता के सभी प्रावधानों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है। डीग और कुम्हेर में मतदान प्रक्रिया के दौरान चुनावी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मौन अवधि के साथ प्रचार, मदिरा वितरण और मतदाताओं के परिवहन पर भी प्रशासनिक निगरानी रहेगी।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story