डीग जिले की तहसील जनूथर में नदबई रोड स्थित जनूथर तिराहे पर सड़क के मध्य रखा ट्रांसफॉर्मर लगातार अनहोनी की आशंका को जन्म दे रहा है। इस मार्ग से रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है, वहीं इसी रोड पर कई निजी विद्यालय भी संचालित हैं, जिससे आम जनता में हमेशा भय का माहौल बना रहता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां से सीमेंट-बजरी के ट्रेलर सहित भारी वाहन गुजरते हैं, जिनके निकलते समय आसपास मौजूद दुकानदारों के पसीने छूट जाते हैं। सड़क के बीच स्थित ट्रांसफॉर्मर के कारण कई बार दिन में जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

समस्या के समाधान के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार पत्र लिखे गए, लेकिन केवल झूठे आश्वासन ही मिले। जनवरी 2018 में भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रभान गुप्ता ने इस समस्या से निजात दिलाने के लिए जनूथर में आमरण अनशन किया था। उस दौरान डीग से आए बिजली विभाग के अधिकारियों ने 8-10 दिनों में ट्रांसफॉर्मर हटाने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बताया गया कि वर्ष 2018 में ट्रांसफॉर्मर हटाने की पूरी कागजी कार्यवाही हो चुकी थी, लेकिन उस समय डीग में कार्यरत जेईएन की हार्ट अटैक से मौत हो जाने के कारण प्रक्रिया बीच में ही अटक गई। इसके बाद से मामला लंबित पड़ा हुआ है और 7 साल बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय निवासी गोविन्द ने बताया कि इसी ट्रांसफॉर्मर के कारण यहां दिन में कई बार जाम लगता है। यदि इसे हटाया जाए तो लोगों को जाम से राहत मिलेगी और संभावित हादसों से भी बचाव हो सकेगा। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी झालावाड़ हादसे जैसी किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहे हैं।

यह मामला न केवल प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के प्रति गंभीर सवाल भी खड़े करता है। समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह समस्या किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story