जिला कलक्टर मयंक मनीष ने मंगलवार मुख्यालय स्थित विश्वविख्यात रियासतकालीन जल महलों का निरीक्षण कर ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण व विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महल परिसर में स्थित गोपाल भवन, नंद भवन, कृष्ण भवन और हरदेव भवन का अवलोकन किया, साथ ही महल के प्रमुख आकर्षण गोपाल सागर और रूप सागर का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों ने जिला कलक्टर को जल महल की ऐतिहासिक विशेषताओं, वास्तुकला और इसकी महत्ता के बारे में विस्तार से अवगत कराया। इसके साथ ही जिला कलक्टर ने सरोवरों को स्वच्छ जल से भरने हेतु निर्मित डीग एस्केप के रिनोवेशन कार्य की वस्तुस्थिति की समीक्षा की। राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा के अंतर्गत डीग एस्केप के सुदृढ़ीकरण हेतु 20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

इस संबंध में जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में डीग एस्केप के जीर्णोद्धार कार्य के लिए सैंक्शन की प्रक्रिया चल रही है। सैंक्शन प्राप्त होते ही सिंचाई विभाग द्वारा त्वरित निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि डीग एस्केप के निर्माण के दौरान बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण किया जाए, जिससे शहर के नालों का गंदा पानी इन सरोवरों में मिलने से रोका जा सके और सरोवरों में केवल स्वच्छ जल की आवक सुनिश्चित हो।

जिला कलक्टर ने इस प्राचीन और मान्यता प्राप्त धरोहर के संरक्षण को लेकर दोनों सरोवरों और किले की खाई की नियमित साफ-सफाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को निर्देशित किया कि वे सरोवरों की सघन सफाई, पानी के एरियेशन और फव्वारे लगवाने के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार करें। इस प्रस्ताव को राज्य सरकार को भिजवाया जाएगा, ताकि आवश्यक फंड उपलब्ध कराकर जल महल के सौन्दर्यीकरण और साफ-सफाई के कार्य को शीघ्र मूर्त रूप दिया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी, नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग योगेश कुमार, सहायक अभियंता देवेंद्र कुमार, चरण सिंह गुर्जर और बच्चू सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण डीग के ऐतिहासिक जल महलों के संरक्षण और समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story