डीग में मूसलाधार बारिश से हालात बेकाबू, निचले इलाकों में जलभराव, घरों तक पहुंचा गंदा पानी
डीग में लगातार मूसलाधार बारिश से निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। कई घरों में गंदा पानी घुस गया, जबकि नगर परिषद ने निकासी के प्रयास शुरू किए हैं।

तस्वीर में डीग की एक जलभराव वाली सड़क पर बाइक सवार पानी से गुजरता हुआ दिखाई दे रहा है।
राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और मौसम विभाग द्वारा जिले में मूसलाधार बारिश को लेकर लगातार अलर्ट जारी किया जा रहा है। इसी बीच देर शाम से डीग जिले में शुरू हुई भारी बारिश का दौर लगातार जारी है। लगातार हो रही तेज बारिश ने प्रशासन के मानसून-पूर्व तैयारियों के दावों की पोल खोल दी है। डीग शहर सहित पूरे जिले के निचले इलाकों में भारी जलभराव होने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों का ग्राउंड जीरो पर जाकर जायजा लेने पर स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याएं सामने रखीं। डीग शहर के वार्ड नम्बर 1 स्थित कामां गेट, धौलागढ़ मंदिर, खटिक मोहल्ला, मेला मैदान, पाण्डे मोहल्ला, बंधा गेट, अऊ दरवाजा, सौघर मोहल्ला और अहीर मोहल्ला में पानी भर जाने से पूरा शहर दरिया जैसा नजर आने लगा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि गंदा पानी लोगों के घरों और कमरों के भीतर तक पहुंच गया है।
पूर्व पार्षद मिठ्ठू सिंह सांखला ने प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डीग नगर परिषद इस गंभीर समस्या पर कोई संज्ञान नहीं लेती है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों से क्षेत्र के लोग इस नारकीय समस्या का सामना कर रहे हैं।
पूर्व पार्षद मिठ्ठू सिंह सांखला ने बताया कि वार्ड नम्बर 27 और 28 सहित मेला मैदान क्षेत्र में करीब 2-2 फुट पानी भर गया है। इसके चलते स्कूली बच्चे गंदे और गहरे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि आए दिन बच्चे इस पानी में गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
वहीं, नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह ने कहा कि डीग में पिछले दो दिनों से अत्यधिक बारिश हुई है। उन्होंने बताया कि मानसून से पहले डीग के नालों की सफाई कराई गई थी। जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या बनी हुई है, वहां नगर परिषद द्वारा पंप सेट लगाकर पानी की निकासी कराई जा रही है। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को आवागमन और दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
