डीग में ग्राम रथ अभियान शुरू, 29 अप्रैल को तीनों विधानसभाओं में पहुंचेगा रथ
जिला प्रशासन द्वारा सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और शिकायतों के निस्तारण हेतु ग्राम पंचायतों में 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

राज्य सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से आगामी मई माह में प्रस्तावित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के तहत जिले में 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 29 अप्रैल को जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विकास रथ पहुंचकर आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभान्वित करने का कार्य करेगा।
अभियान के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद, डीग ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार बृजनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ ग्राम पंचायत सुन्दरावली, तरोंडर, पथरोड़ा, मुडेरा और थून में पहुंचेगा, जहां जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसी क्रम में कामां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ऐचवाडा, सतवास, नन्देरा, सोनोखर और उदाका में भ्रमण कर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। वहीं डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ बहज और बरौली चौथ में पहुंचकर आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा।
जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ग्राम रथों के प्रत्येक ठहराव स्थल पर संबंधित स्थानीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा तथा पेयजल व्यवस्था का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत दिन के अंतिम पड़ाव पर संबंधित ग्राम पंचायत में संध्या चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कला जत्थों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुंच को सुदृढ़ करने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
