डीग के नाहरौली में लगा नि:शुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर
कल्याणम् करोति नेत्र संस्थान द्वारा आयोजित शिविर में 80 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिसमें से 16 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई।

डीग के नाहरौली में आयोजित नेत्र शिविर के दौरान स्थानीय लोग और कल्याणम् करोति नेत्र संस्थान की टीम एक साथ नजर आ रहे हैं।
डीग। कल्याणम् करोति नेत्र संस्थान, मथुरा के तत्वावधान में शुक्रवार, 26 जून को डीग जिले के ग्राम नाहरौली स्थित कुण्डा मन्दिर, बड़े स्कूल के सामने एक वृहद नि:शुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन महन्त श्री कमलदास बाबा, शिवसिंह, पण्डित भवानीशंकर शर्मा, राजेश फौजदार एवं समस्त ग्रामवासियों के गरिमामय सानिध्य में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान कल्याणम् करोति नेत्र संस्थान के डीग जिला प्रभारी भानु जोशी, नेत्र विशेषज्ञ स्नेहना, अतुल कुमार एवं अत्याधुनिक वातानुकूलित सचल वाहन चालक रिषि राजपूत की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के लोगों तक सुलभ नेत्र स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना था। स्वास्थ्य परीक्षण के क्रम में कुल 80 लोगों की आंखों की गहन स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 16 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। इसके अतिरिक्त, दृष्टि दोष से जूझ रहे 8 मरीजों को मौके पर ही चश्मे वितरित किए गए। शिविर की सार्थकता इस बात से सिद्ध हुई कि मोतियाबिंद से ग्रसित 5 मरीजों को संस्थान के अत्याधुनिक वातानुकूलित सचल वाहन के माध्यम से गोवर्धन-मथुरा रोड स्थित (जयौदा) कल्याणम् करोति अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। यह शिविर नाहरौली क्षेत्र के निवासियों के लिए दृष्टि वरदान साबित हुआ, जिससे ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संचार हुआ है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
