डीग में PDS की पारदर्शिता पर जोर, खाद्य सुरक्षा समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश
डीग में खाद्य सुरक्षा एवं सतर्कता समिति की बैठक में PDS की पारदर्शिता, ई-पॉस मशीनों के सही उपयोग, खाद्यान्न वितरण की निगरानी और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया। अनियमितताओं पर कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।

12 अगस्त को डीग में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री के निर्देशानुसार कार्यालय जिला रसद अधिकारी, डीग में जिले की समस्त तहसीलों के खाद्य सुरक्षा एवं सतर्कता समिति के मनोनीत गैर सरकारी सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला रसद अधिकारी डीग अर्पित अग्रवाल ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी बनाना और पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।
जिला रसद अधिकारी अर्पित अग्रवाल ने बैठक में समिति सदस्यों को उनके कर्तव्यों और दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उचित मूल्य दुकानों के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बरतने और ई-पॉस मशीनों का सुधारू उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा नहीं आए।
उन्होंने खाद्यान्न वितरण की नियमित निगरानी करने और शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। अर्पित अग्रवाल ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण से संबंधित शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित उचित मूल्य दुकानदार के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाती है। संपर्क पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का भी शीघ्र निस्तारण कर परिवादी को राहत प्रदान की जाती है।
जिला रसद कार्यालय द्वारा जांच के दौरान पाई गई अनियमितताओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है। इसके तहत अनेक उचित मूल्य दुकानदारों के प्राधिकार पत्र निलंबित और निरस्त किए गए हैं। वहीं, अनेक प्रकरणों में प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई है।
बैठक में जमीनी स्तर पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली में आ रही चुनौतियों और समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इस दौरान समिति सदस्यों ने विभिन्न महत्वपूर्ण और उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए। अध्यक्ष अर्पित अग्रवाल ने इन सुझावों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक में विभाग की ओर से समिति के सहयोग से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया गया।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
