डीग में बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन, बिजलीघर के घेराव की दी चेतावनी
बृज 84 कोस परिक्रमा के दौरान भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान लोगों ने विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त किया।

राजस्थान के डीग क्षेत्र में शनिवार को बृज 84 कोस परिक्रमा के दौरान लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बृज 84 कोस परिक्रमा के दौरान भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। युवा क्रान्तिकारी बेटा के नेतृत्व में गिरीश शर्मा ने शहरवासियों के साथ बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द व्यवस्था नहीं सुधरने पर बिजलीघर के घेराव की चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान गिरीश शर्मा ने कहा कि डीग क्षेत्र में लगातार और अत्यधिक बिजली कटौती की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर घंटे और दो घंटे में बिजली बंद हो रही है, जबकि रात के समय 20 से 25 बार बिजली जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समय बृज 84 कोस परिक्रमा चल रही है और भीषण गर्मी में श्रद्धालु परिक्रमा दे रहे हैं, लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लोगों ने अपने घरों के बाहर कूलर और पंखों की व्यवस्था की हुई है, ताकि परिक्रमा देने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल सके। लेकिन लगातार बिजली कटौती के कारण कूलर और पंखे बंद पड़े रहते हैं, जिससे श्रद्धालुओं को अंधेरे और गर्मी में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तत्काल स्थायी समाधान की मांग की। शहर के दर्जनों व्यक्तियों ने प्रदर्शन में भाग लेकर बिजली कटौती का विरोध किया और चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बिजलीघर का घेराव किया जाएगा। लगातार बढ़ती गर्मी और बृज 84 कोस परिक्रमा के दौरान बिजली व्यवस्था पर उठे सवालों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों की चिंता और आक्रोश को खुलकर सामने ला दिया।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
