डीग जिला अस्पताल में नई पैथोलॉजी लैब का शुभारंभ, विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने विकास परियोजनाओं को दी नई गति
डीग जिला अस्पताल में नई पैथोलॉजी लैब के शुभारंभ के साथ विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने नए जिला अस्पताल और बहुप्रतीक्षित बाईपास परियोजना को लेकर बड़ी घोषणाएं कीं। जानिए जिले के विकास से जुड़ी अहम जानकारी।

डीग जिला अस्पताल परिसर में बुधवार को नई पैथोलॉजी लैब का फीता काटकर उद्घाटन करते मुख्य अतिथि डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह और उपस्थित अन्य चिकित्सा अधिकारी व जनप्रतिनिधि।
डीग जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, जब डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह ने जिला अस्पताल परिसर स्थित नई पैथोलॉजी लैब का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए भरोसा दिलाया कि डीग के विकास कार्यों में संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बहताना रोड पर नए जिला अस्पताल के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है तथा निर्माण प्रक्रिया भी प्रारंभ कराई जा चुकी है। उनके अनुसार नए जिला अस्पताल के निर्माण के बाद जिले के लोगों को आधुनिक और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र के साथ-साथ आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर भी विधायक ने अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से प्रतीक्षित डीग बाईपास परियोजना के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं और कार्यादेश भी जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है। बाईपास के निर्माण से शहर के भीतर बढ़ते यातायात दबाव में कमी आएगी और आमजन को आवागमन में राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में डीग को नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सा कर्मियों से आमजन को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंघल, पीएमओ डॉ. जितेंद्र सिंह फौजदार, डॉ. राघवेंद्र सिंह, डॉ. राजीव मित्तल, डॉ. गजेंद्र पाल सिंह, डॉ. अनुपम शर्मा, डॉ. निर्मल फौजदार, डॉ. अंकित जैन, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार एडवोकेट, भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राकेश गिरसै, राजेंद्र खंडेलवाल, भावना गांधी, प्रीति गर्ग, गौरव सोनी, गिरीश शर्मा, पवन खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने नई पैथोलॉजी लैब की सौगात के लिए विधायक डॉ. शैलेश सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
