डीग, 14 जुलाई। आगामी मानसून की तैयारियों, शहर की यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, अतिक्रमण नियंत्रण और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिला कलक्टर डीग मयंक मनीष ने मंगलवार को प्रातः डीग शहर के विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और मुख्य सड़क मार्गों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव नियंत्रण, सड़कों से अस्थाई और स्थाई अतिक्रमण हटाने तथा यातायात को सुगम बनाने के लिए पार्किंग व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

जिला कलक्टर ने अपने निरीक्षण की शुरुआत गणेश मंदिर से की। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल पार्किंग, नई सड़क, सब्जी मंडी की सफाई व्यवस्था, मेला ग्राउंड एरिया में नेहरू पार्क के पास निर्माणाधीन फूड स्ट्रीट, बड़ा बाजार, लोहा मंडी तथा पुराना बस स्टैंड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों को शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पताल के आसपास पार्किंग के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शहर की सड़कों के संकरे होने के कारणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने नगर परिषद को निर्देश दिए कि नियमों और मास्टर प्लान के तहत सभी छोटे-बड़े स्थाई और अस्थाई अतिक्रमणों को चिन्हित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने की पूरी कार्यवाही विधिक प्रक्रिया के अनुरूप की जाए तथा संबंधित व्यक्ति को नियमानुसार नोटिस और सुनवाई का पर्याप्त अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि इससे सड़कों को चौड़ा करने में सुविधा होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। मीडिया के माध्यम से उन्होंने डीग शहरवासियों से अपील भी की कि यह शहर उनका अपना है, इसलिए यदि किसी ने अनधिकृत रूप से अतिक्रमण कर रखा है तो वह सुगम यातायात और शहर के विकास में भागीदारी निभाते हुए स्वेच्छा से उसे हटा लें।

मानसून प्रबंधन और संभावित जलभराव की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने नगर परिषद द्वारा मुख्य नालों की करवाई गई सफाई पर संतोष व्यक्त किया। हालांकि उन्होंने निर्देश दिए कि नालों से निकाली गई सिल्ट, जो सड़कों के किनारों पर पड़ी है, उसे तत्काल वहां से उठाकर निस्तारित किया जाए, ताकि बारिश के दौरान वह दोबारा नालों में न बह सके। उन्होंने नालों की नियमित सफाई निरंतर जारी रखने के निर्देश भी दिए, जिससे मानसून के चरम समय में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो।

इसके अतिरिक्त उन्होंने शहर के निचले और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां तत्काल पंप और पंप-सेट स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में पानी की निकासी तुरंत की जा सके। राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान अभियान और अनुकूल मौसम को देखते हुए उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन पौधारोपण कराने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने नेहरू पार्क और मेला ग्राउंड एरिया में निर्माणाधीन फूड हब का कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। मीडिया द्वारा बृजेंद्र पार्क के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा इसे वेस्ट टू वंडर पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है। पार्क में कचरे से निर्मित विभिन्न कलाकृतियां और स्ट्रक्चर्स तैयार हो चुके हैं। उन्होंने पार्क के निचले हिस्सों में मिट्टी डलवाकर भराव कराने तथा चोरी की घटनाओं और असामाजिक तत्वों के जमावड़े को रोकने के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पार्क का समुचित रखरखाव कर इन कलाकृतियों को व्यवस्थित रूप से स्थापित किया जाए, ताकि शहरवासियों को भ्रमण और मनोरंजन के लिए एक नया स्थल उपलब्ध हो सके।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस निगरानी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर ने पुलिस विभाग के सहयोग से सूचना एवं प्रोद्योगिकी विभाग द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूछरी क्षेत्र में कैमरे इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ सुचारू रूप से एक्टिव हो चुके हैं, जबकि डीग शहर में कई स्थानों पर कैमरे लगाए जा चुके हैं और कुछ स्थानों पर कार्य प्रक्रियाधीन है। कैमरों को पूरी तरह चालू करने के संबंध में उन्होंने डीओआईटी अधिकारियों को जयपुर मुख्यालय से संपर्क कर टेंडर प्रक्रिया की समीक्षा करने के निर्देश दिए। यदि संबंधित फर्म कार्य में ढिलाई या देरी कर रही है तो उसे तत्काल नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर नए सिरे से टेंडर आमंत्रित किए जाएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शहर के सभी कैमरे जल्द से जल्द फंक्शनल होकर इंटरनेट से जुड़ें और उनका लाइव फीड सीधे पुलिस कंट्रोल रूम को उपलब्ध हो।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वां, उपखंड अधिकारी डीग अमित कुमार, नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह सहित पुलिस के जवान और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला कलक्टर के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देश आगामी मानसून, शहर की यातायात व्यवस्था, विकास कार्यों और सुरक्षा तंत्र को प्रभावी बनाने की दिशा में प्रशासनिक प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story