डीग। स्थानीय ब्राज नगर स्थित गाजिया गार्डन में कांग्रेस कमेटी डीग की महत्वपूर्ण मासिक बैठक जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में देशराज मीणा प्रभारी मुख्य अतिथि और हिम्मत सिंह सह-प्रभारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य ‘संगठन बचाओ, लोकतंत्र बढ़ाओ’ के मूल मंत्र को चरितार्थ करना, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के मामले को उठाना और डीग जिले की समस्याओं को प्रशासन एवं सरकार के समक्ष मजबूती से रखना था।

जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी ने कार्यकर्ताओं में अनुशासन का आह्वान करते हुए संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया। सांसद संजना जाटव ने डीग के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया। वहीं, पूर्व विधायक वाजिब अली ने वर्तमान सरकार के कुशासन और कार्यकर्ताओं के विरुद्ध दर्ज कराए जा रहे कथित झूठे मुकदमों को लेकर कड़ा रुख अपनाया। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. गोविंद शर्मा ने पीपुल रिप्रजेंटेटिव एक्ट 1951 की धारा 33ए का उल्लेख करते हुए मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द करने की प्रक्रिया को चुनाव आयोग की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए नियम विरुद्ध करार दिया। विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने भी मध्यप्रदेश राज्यसभा निर्वाचन अधिकारी की भूमिका को अवैधानिक बताया।

संगठन के वरिष्ठ नेताओं और ब्लॉक अध्यक्षों ने भी अपने विचार साझा किए। जालिश (पूर्व प्रधान) ने उपखंड स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान हेतु एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन करने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में पर्यावरण प्रकोष्ठ, पंचायत चुनाव की भावी रणनीति, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और आपसी संवाद जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम का संचालन पवन प्रधान, कमल सिंह नेता और शिव गाजिया ने किया, जबकि शहर अध्यक्ष श्रीकांत शर्मा ने अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया। बैठक में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे। यह बैठक डीग जिले में आगामी सियासी संघर्षों के लिए कांग्रेस की एक ठोस रणनीति के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story