डीग, 21 अप्रैल। आमजन को गुणवत्तापूर्ण जन-सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गतिशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने मंगलवार को कुम्हेर उपखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उपखंड अधिकारी कार्यालय, तहसील और पंचायत समिति का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

देर शाम जिला कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुम्हेर का औचक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने वार्डों में जाकर मरीजों से संवाद कर अस्पताल प्रबंधन द्वारा दी जा रही सुविधाओं पर सीधे फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान वार्डों में बेडशीट की अनुपलब्धता, परिसर में गंदगी और नर्सिंग स्टाफ के निर्धारित वेशभूषा में उपस्थित न होने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इन कमियों पर जिला कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताते हुए बीसीएमओ सहित अन्य चिकित्सा अधिकारियों को सख्त हिदायत दी और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा के क्रम में जिला कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण करते हुए एसडीएम न्यायालय के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने 10 वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित न्यायालयीन प्रकरणों के नियमानुसार त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा कुम्हेर बायपास, ग्राम हेलक और पला हवाई पट्टी के लिए की जा रही भूमि अवाप्ति की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को इस प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देशित किया।

तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने मॉडर्न रिकॉर्ड रूम की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए महत्वपूर्ण राजस्व दस्तावेजों के उचित रखरखाव पर जोर दिया। उन्होंने तहसील परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, डस्टबिन स्थापित करने और लंबे समय से अनुपयोगी पड़े सामानों की नियमानुसार नीलामी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पंचायत समिति कुम्हेर के निरीक्षण में भी स्वच्छता और आधारभूत व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। परिसर में जलभराव की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला कलेक्टर ने नगर पालिका कुम्हेर को जल निकासी का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया। साथ ही परिसर स्थित पार्क की बढ़ी हुई झाड़ियों की कटाई-छंटाई कर उसे व्यवस्थित करने और प्रशासनिक बैठकों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त कॉन्फ्रेंस रूम विकसित करने के निर्देश दिए।

यह सघन निरीक्षण प्रशासनिक जवाबदेही, सेवा गुणवत्ता और जन-सुविधाओं के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट करता है, जिसमें तत्काल सुधार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story