डीग में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान और वंदे गंगा अभियान पर कार्यशाला
मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन और वंदे गंगा जन अभियान के तहत जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण के लिए औद्योगिक घरानों व भामाशाहों से सीएसआर फंड जुटाने पर हुआ मंथन।

डीग पंचायत समिति सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सीएसआर कार्यशाला के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां और उपस्थित अन्य प्रतिनिधि व अधिकारी जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए।
वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान तथा मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.2 एवं 2.3 को धरातल पर परिणाममूलक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पंचायत समिति सभागार डीग में जिला स्तरीय सीएसआर कार्यशाला आयोजित की गई। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, डीग के तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में वृक्षारोपण, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक जनसहयोग सुनिश्चित करने पर व्यापक मंथन हुआ।
कार्यशाला की शुरुआत जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.2 एवं 2.3 पर विस्तृत पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन से हुई। अधिकारियों ने अभियान के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण और उनके प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक में डीग जिले की सीएसआर कंपनियों, विभिन्न औद्योगिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, एडवोकेट तथा विभिन्न व्यापार संघों के पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां ने जिले के विकास में औद्योगिक घरानों और भामाशाहों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए वन्दे गंगा अभियान के लिए खुलकर आर्थिक सहयोग करने की अपील की।
राजकुमार कस्वां ने कहा कि जो भी दानदाता, भामाशाह या संस्थाएं वन्दे गंगा अभियान के तहत फार्म पॉन्ड, एनीकट या रिचार्ज शाफ्ट जैसी जल संग्रहण संरचनाओं का निर्माण करवाना चाहती हैं, उनका इस अभियान में स्वागत है। उन्होंने बताया कि जलग्रहण विभाग द्वारा ऐसे कार्यों के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर उपलब्ध करवाए जाएंगे तथा निर्माण कार्यों में पूर्ण तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत राज्य मद से अनुमोदित कार्यों में गैप फण्डिंग के लिए अधिक से अधिक जनसहयोग और सीएसआर फण्ड की आवश्यकता जताई गई। अभियान में भागीदारी निभाने के इच्छुक भामाशाह, आमजन और संस्थाएं अपनी सहयोग राशि पंचायतीराज विभाग के अधीन जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के राज्य स्तरीय बैंक खाते में जमा करवा सकते हैं। इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक, शाखा नेहरू प्लेस, जयपुर के खाता संख्या 4064002100022603 तथा आईएफएससी कोड PUNB0406400 को अधिकृत रूप से सार्वजनिक किया गया।
कार्यशाला के दौरान फर्नीचर उद्योग संघ, सीकरी, जिला डीग की ओर से 11 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया। कार्यशाला ने जल संरक्षण अभियानों में प्रशासन, उद्योग जगत और समाज की साझा भागीदारी को नई मजबूती देने का संदेश दिया।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
