डीग में भीषण गर्मी के बीच बृज 84 कोस परिक्रमा यात्रियों के लिए सेवा कार्य
भीषण गर्मी में स्वास्थ्य विभाग ने परिक्रमा यात्रियों को ठंडाई और ओआरएस वितरित कर राहत पहुंचाई।

डीग में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भीषण गर्मी के दौरान बृज 84 कोस परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं को ठंडाई और ओआरएस वितरित करते हुए।
डीग, 27 मई: भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद आस्था का सैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा है। हजारों की तादाद में श्रद्धालु बृज 84 कोस परिक्रमा कर रहे हैं। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं ने अपनी परिक्रमा का समय निर्धारित किया है, जिसके तहत वे प्रातः 10 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक और रात 10:00 बजे से रात 2:00 बजे तक ठहराव कर 'राधे-राधे' के उद्घोष के साथ अपनी परिक्रमा निरंतर जारी रखे हुए हैं।
इस कठिन यात्रा के दौरान सेवा भाव का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। सामाजिक संगठन और स्थानीय लोग श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के लिए जगह-जगह प्याऊ और भंडारों की व्यवस्था कर रहे हैं, जहां उन्हें पेयजल, शरबत और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। यही नहीं, स्थानीय लोग श्रद्धालुओं को विश्राम के लिए अपने घरों के द्वार भी खोल रहे हैं। जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है। जिला कलेक्टर मयंक मनीष और जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले स्वयं इन व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि परिक्रमा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो।
गर्मी की भीषण स्थिति को देखते हुए चिकित्सा विभाग पूर्णतः अलर्ट मोड पर है। परिक्रमा मार्ग पर कई स्थानों पर चिकित्सा टीमों को तैनात किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, सिर ढककर चलने और स्वास्थ्य संबंधी कोई भी परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सा टीम से संपर्क करने की अपील की है।
इसी क्रम में कार्यालय खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डीग के कार्मिकों द्वारा भी पुनीत कार्य करते हुए श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई और ओआरएस (ORS) का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंघल, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. दिनेश मीना, डॉ. मान सिंह, डॉ. रामावतार, डॉ. राजीव मित्तल, प्रगित मुद्गल, सुरेश चंद लवानिया, मुकेश दीक्षित और बृजबिहारी जादौन तथा जगदेव मौजूद थे। आस्था और सेवा का यह दृश्य न केवल श्रद्धालुओं के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है, बल्कि समाज के एकजुट होकर सेवा करने की भावना को भी चरितार्थ करता है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
