डीग: ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर एसपी ने वाटर कूलर का किया उद्घाटन
अधिक मास के अवसर पर डीग किले के पास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाटर कूलर स्थापित किया गया, जिसका उद्घाटन एसपी ने किया।

डीग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते हुए।
डीग, 3 जून। देश-विदेश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं के सैलाब से संपूर्ण बृज मंडल का वातावरण इन दिनों पूर्णतः भक्तिमय हो उठा है। बृज की 84 कोस परिक्रमा मार्ग ‘राधे-राधे’ और ‘श्याम मिला दे’ के गूंजते जयकारों से सराबोर है। इस दौरान बृज मंडल में श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और समर्पण का एक अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है, जहाँ शहरवासियों और ग्रामीणों द्वारा जगह-जगह भंडारे और पानी की प्याऊ लगाकर निस्वार्थ सेवा की जा रही है।
इसी क्रम में, अधिक मास के पावन अवसर पर डीग किले के समीप स्थित 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर एक विशेष सेवा कार्य संपन्न हुआ। यहाँ स्वर्गीय थानेदार शिव चरन लाल दुबे की स्मृति में उनके सुपुत्र प्रदीप शर्मा ‘बंटू’ द्वारा श्रद्धालुओं के लिए एक वाटर कूलर स्थापित कराया गया है। इस जन-उपयोगी सेवा कार्य का उद्घाटन जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान आयोजक समिति ने एसपी कांबले शरण गोपीनाथ का पटका पहनाकर स्वागत किया। तत्पश्चात, एसपी और आयोजक समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने संबोधित करते हुए कहा कि अधिक मास बृज 84 कोस परिक्रमा हमारी आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसपी ने समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए किए जा रहे इन सेवा कार्यों की भूरि-भूरि सराहना करते हुए इसे पुण्य का कार्य बताया। इस कार्यक्रम के दौरान ऋषभ दुबे (छात्रसंघ अध्यक्ष), ऋतिक दुबे, दाऊजी खंडेलवाल, बद्री खंडेलवाल, प्रेम सिंह, सुनील कुमार, गौरव और बिन्नू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
