डीग के बहज गांव में अधूरे रास्ते पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, महिला-पुरुष पानी की टंकी पर चढ़े
डीग जिले के बहज गांव में अधूरे रास्ते और बरसात में कीचड़ की समस्या से नाराज ग्रामीणों ने पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की समझाइश और आश्वासन के बाद ग्रामीण नीचे उतरे, लेकिन रास्ते के निर्माण की मांग अब भी बरकरार है।

तस्वीर में डीग जिले के बहज गांव में रास्ते की समस्या को लेकर पानी की टंकी पर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण नजर आ रहे हैं।
डीग, 22 जुलाई। डीग जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव बहज में वर्षों से अधूरे पड़े रास्ते और बरसात के दौरान कीचड़ की गंभीर समस्या को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। समस्या के समाधान की मांग को लेकर महिला और पुरुष गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गए। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास शुरू किया।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़कर रास्ते के निर्माण की मांग पर अड़ गए। उनका कहना था कि जब तक प्रशासन की ओर से रास्ता बनवाने का स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब चार वर्ष पहले रास्ते की खुदाई कर उसे अधूरा छोड़ दिया गया था। इसके बाद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे बरसात के दिनों में पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है और लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बच्चे प्रतिदिन इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं, जबकि बुजुर्गों और महिलाओं को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में कई बार लोग फिसलकर घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी हीरालाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। इसके बाद गांव के सरपंच प्रशासक सुभाष बाबू भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि रास्ते की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। कोतवाली के एसआई मंगतू सिंह ने भी ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया।
करीब एक घंटे तक चली समझाइश और प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद ग्रामीण पानी की टंकी से नीचे उतरने को तैयार हुए।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह रास्ता गांव की सबसे बड़ी समस्या बन जाता है। ऐसे में प्रशासन को जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कर लोगों को राहत दिलानी चाहिए।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
