डीग में जिला स्तरीय कराटे-बॉक्सिंग प्रतियोगिता का समापन, पीएम श्री बहज के खिलाड़ियों ने जीते 37 स्वर्ण
डीग के बहज में 70वीं जिला स्तरीय कराटे-बॉक्सिंग प्रतियोगिता का समापन हुआ। पीएम श्री विद्यालय के खिलाड़ियों ने 37 स्वर्ण पदक जीते।

तस्वीर में डीग में आयोजित प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राएं और गणमान्य लोग नजर आ रहे हैं।
डीग में पीएम श्री श्रीमती शीला जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बहज में सत्र 2026-27 की 70वीं जिला स्तरीय छात्र-छात्रा 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग कराटे और बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के दौरान विद्यालय परिसर खेल भावना, उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।
समारोह के मुख्य अतिथि रौदान सिंह गिरदावर रहे। भगवानदास गुप्ता प्राचार्य पर्यवेक्षक के रूप में तथा श्रीमती अनुराधा शर्मा मुख्य निर्णायक के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा लाल सिंह सेवानिवृत प्रधानाचार्य, विमल पूर्व पंचायत समिति सदस्य, बाबूलाल सेवानिवृत उप कोषाधिकारी, कैप्टन अजय सिंह, अजय, परमानंद, रवि कुमार पूर्व सरपंच, मोनू, मेघश्याम, कुलदीप सिंह उप प्राचार्य, केदारनाथ शर्मा, अजय यादव, हेमंत कौर, चेतना गौड़, सरोज शर्मा, बबली गुप्ता, निखिल कौशिक, थान सिंह, उमेश योगी, गजेंद्र सिंह, हरिओम शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों एवं शिक्षा-जगत से जुड़े प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतियोगिता के संयोजक एवं पीएम श्री विद्यालय बहज के प्राचार्य मुकुट बिहारी शर्मा ने की।
प्राचार्य मुकुट बिहारी शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय बॉक्सिंग, कराटे, बैडमिन्टन, कुश्ती और ताइक्वांडो में पीएम श्री विद्यालय बहज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 स्वर्ण पदक जीते। इनमें कुश्ती में 4, ताइक्वांडो में 7, बॉक्सिंग में 3, बैडमिंटन में 2 और कराटे में 24 स्वर्ण पदक शामिल हैं। अब ये सभी विद्यार्थी राज्य स्तर के लिए भी चयनित हुए हैं।
मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों ने चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तर के लिए अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मअनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
प्रधानाचार्य मुकुट बिहारी शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि विद्यालय को जिला स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर से ही अगर सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण, आवश्यक सुविधाएं और सकारात्मक मंच उपलब्ध कराया जाए, तो वे अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा, “मैदान में जीत से अधिक महत्वपूर्ण है अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना, क्योंकि सच्चा खिलाड़ी परिणाम से नहीं, अपने संघर्ष और अनुशासन से पहचाना जाता है।”
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा, समर्पण, मेहनत और जुझारूपन का परिचय देकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया। मेघश्याम यथावत प्राचार्य ने बताया कि कराटे, कुश्ती, ताइक्वांडो, बैडमिटन और बॉक्सिंग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, तकनीक, आत्मरक्षा कौशल, शारीरिक क्षमता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों की ऊर्जा और उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रशासन, शारीरिक शिक्षकों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों एवं समस्त विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी, शील्ड, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। मंच संचालन करते हुए प्रहलाद सिंह व्याख्याता ने कहा कि यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान देने का मंच बनी है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का भी सशक्त संदेश दे रही है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
