डीग के अऊ में कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
श्री गोपाल जी मंदिर में आयोजित कथा के प्रथम दिन व्यास सुनील शास्त्री ने बच्चों को संस्कारित शिक्षा देने और मोबाइल से दूर रखने की आवश्यकता जताई।

डीग जिले के गाँव अऊ स्थित श्री गोपाल जी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल श्रद्धालु।
डीग के गाँव अऊ स्थित श्री गोपाल जी मंदिर में कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर समस्त ग्रामवासी, दूर-दराज से पहुंचे हुए भगवत भक्त तथा सिर पर मंगल कलश धारण किए बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। आयोजन स्थल पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कथा के प्रथम दिवस पर कथा व्यास पूज्य सुनील शास्त्री ने श्रीमद्भागवत कथा का सारगर्भित एवं भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने ज्ञान, भक्ति और वैराग्य से जुड़े विविध प्रसंगों का विस्तार से उल्लेख करते हुए सनकादिक ऋषियों द्वारा देवर्षि नारद मुनि को दिए गए भागवत उपदेश, धुंधकारी और गौकर्ण के प्रसंगों का वर्णन श्रवण कराया।
इस दौरान पूज्य शास्त्री ने वर्तमान परिवेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि प्रत्येक घर में माता-पिता द्वारा बालकों को शिष्टाचार एवं संस्कारित शिक्षा नहीं दी गई तो बालक स्वयं अशिष्ट प्रवृत्ति का हो जाएगा तथा उनमें धुंधकारी जैसी प्रवृत्तियां उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने धुंधकारी की कथा के माध्यम से यह संदेश दिया कि बच्चों को मोबाइल से दूर रखा जाए, क्योंकि इसके कारण वे पाश्चात्य संस्कृति की ओर आकर्षित होकर भारतीय संस्कृति से दूर होते जा रहे हैं।
कथा व्यास ने कहा कि प्रत्येक माता-पिता का कर्तव्य है कि वे बचपन से ही अपने बच्चों को उत्तम शिक्षा और संस्कार दें, जिससे वे संस्कारवान नागरिक बन सकें। उन्होंने बाल संस्कारों के संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया।
इस धार्मिक आयोजन में मंदिर महंत श्री गजेंद्र गज्जा, बाबा बालकनाथ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। कथा के शुभारंभ पर संपूर्ण वातावरण भक्ति रस में सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने कथा का लाभ प्राप्त किया।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
