अधिक मास के अवसर पर आयोजित हो रही बृज 84 कोस परिक्रमा में देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगमता और मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। इसी क्रम में जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने देर रात कामां क्षेत्र में पड़ने वाले परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर सबसे पहले बरौली धाऊ स्थित आश्रय स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने परिक्रमार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे परिक्रमा मार्ग पर निरंतर साफ-सफाई बनाए रखी जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए चिन्हित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखा जाए।

इसके बाद जिला कलेक्टर खूंटपुरी पहुंचे, जहां स्थापित टेंट व्यवस्था का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। इसके उपरांत केदारधाम में चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मरीजों के लिए आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद परिक्रमार्थियों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम भी जानी।

निरीक्षण के अगले चरण में जिला कलेक्टर बादली पहुंचे और यात्रियों के लिए की गई भोजन तथा पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक प्रबंधों का सकारात्मक प्रभाव श्रद्धालुओं के बीच स्पष्ट रूप से देखने को मिला। भोजनथाली में वाराणसी से आए श्रद्धालुओं के एक समूह ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए उनका और समूचे प्रशासन का आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि उन्हें यहां जैसी सुगम और व्यवस्थित सुविधाएं मिली हैं, वैसे प्रबंध अभूतपूर्व हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने संबंधित अधिशासी अधिकारी को परिक्रमा मार्ग पर आवश्यकता अनुसार मोबाइल टॉयलेट स्थापित करने के निर्देश भी दिए। देर रात तक चले इस निरीक्षण ने स्पष्ट कर दिया कि बृज 84 कोस परिक्रमा को लेकर जिला प्रशासन किसी भी स्तर पर लापरवाही के मूड में नहीं है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story