अधिक मास के पावन अवसर पर आयोजित बृज 84 कोस परिक्रमा को श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार बुधवार देर रात जिला कलेक्टर डीग मयंक मनीष और जिला कलेक्टर भरतपुर कमर उल जमान चौधरी ने राजस्थान सीमा में आने वाले परिक्रमा मार्ग का संयुक्त रूप से सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण की शुरुआत कौथरा गेट से की गई, जिसके बाद दोनों जिला कलेक्टरों ने सांवई स्थित आश्रय स्थल का जायजा लिया। यहां साफ-सफाई, महिला शौचालयों की समुचित व्यवस्था तथा मार्गदर्शन के लिए दिशा-सूचक लगाने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात फायर स्टेशन डीग स्थित आश्रय स्थल, टांकोली पीडब्ल्यूडी विश्राम स्थल और गुहाना सहायता केंद्र का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया।

गुहाना में चिकित्सा व्यवस्थाओं की सघन जांच के दौरान ओआरएस, पट्टियों और अन्य आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शौचालयों की स्थिति का भी आकलन किया गया। इसके अलावा खोह, आदिबद्री धाम, केदारनाथ और भोजनथाली सहित परिक्रमा मार्ग के अन्य प्रमुख पड़ावों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत में जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने बताया कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि डीग और भरतपुर प्रशासन संयुक्त रूप से परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर संसाधनों का सटीक आकलन करे। उन्होंने कहा कि उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं के लिए कितने अतिरिक्त चिकित्सक, अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, आश्रय स्थल, एंबुलेंस और दमकल वाहनों की आवश्यकता है।

उन्होंने आगे बताया कि संसाधनों की पूर्ति हेतु भरतपुर जिले से मिलने वाले सहयोग का भी आकलन किया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर राज्य स्तर से अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज तथा नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मार्ग में पेयजल और विश्राम की कोई कमी न रहे।

प्रशासन द्वारा परिक्रमा मार्ग पर मेडिकल टीमों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य लाभ मिल सके। इस निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भरतपुर रेखा रानी व्यास सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

यह संयुक्त निरीक्षण परिक्रमा मार्ग पर व्यवस्थाओं को मजबूत करने और लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासनिक गंभीरता को दर्शाता है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story