डीग। अभिभाषक संघ, ब्रजनगर के अधिवक्ता एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा को भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (महासभा-फेडरेशन) इंटक का राजस्थान प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर अभिभाषक संघ के अधिवक्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया और इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामीनाथ जायसवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद गांधी तथा वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री अनिल कुमार अग्रवाल का आभार जताया।

नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों, बेरोजगारी, महंगाई और शासन व्यवस्था से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में संपन्न राजस्थान के नगरीय निकाय और पंचायतराज चुनावों में जनता ने भाजपा के कुशासन के खिलाफ फैसला सुनाते हुए कांग्रेस के अधिक से अधिक उम्मीदवारों को पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य के रूप में जीत दिलाई है। उनके अनुसार, भाजपा शासन से मुक्ति की शुरुआत पंचायतराज चुनावों से हो चुकी है। आगामी पंजाब, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के विधानसभा चुनावों में भी जनता लोकतांत्रिक तरीके से काम करने वाली सरकार का निर्माण करेगी।

शर्मा ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र और संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आमजन के अधिकारों और स्वतंत्रताओं को छीना जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग और पुलिस तंत्र जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पार्टी के नेताओं ने स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। ऐसे में प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह लोकतंत्र और संविधान के रक्षक की भूमिका निभाए तथा भाजपा सरकार की गलत नीतियों का विरोध कर आमजन को न्याय, अधिकार और स्वतंत्रता दिलाने के लिए काम करे।

अशोक कुमार शर्मा ने भाजपा शासन में अराजकता, अपराध और भय का माहौल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अपराधी खुलेआम आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उनके मुताबिक, महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ने से गरीबों के लिए उन्हें खरीदना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण अमीर और अमीर तथा गरीब और गरीब होता जा रहा है। इससे अमीरी और गरीबी के बीच की खाई लगातार चौड़ी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं में गरीबों के हितों की अनदेखी कर अमीर वर्ग को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

शर्मा ने बेरोजगारी के मुद्दे पर कहा कि सरकार की रोजगार संबंधी नीतियों के कारण शिक्षित युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। रोजगार के अभाव में युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।

चुनाव आयोग को लेकर उन्होंने वोट चोरी और सीट चोरी के आरोप लगाए। शर्मा ने कहा कि संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के मुखिया की इस कथित साजिश में संलिप्तता के सबूत मिलने के बावजूद जनता के विरोध और आंदोलनों के बाद भी उन्हें पद से नहीं हटाया गया है।

इस दौरान अशोक कुमार शर्मा ने उपस्थित अधिवक्ताओं से आगामी 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली 'वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' रैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह रैली राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र की रक्षा के लिए आयोजित की जा रही है। उन्होंने अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भाजपा सरकार की कथित तानाशाही व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने और स्वच्छ लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्थापना के प्रयास में भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने सेमली ग्राम पंचायत की सरदारी से भी अपील की कि भाजपा सरकार के कथित लोकतंत्र और संविधान विरोधी शासन से मुक्ति के लिए कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों को अधिक से अधिक वोट देकर विजयी बनाएं, ताकि वे क्षेत्र के प्रतिनिधि के रूप में पंचायत समिति और जिला परिषद में पहुंच सकें और लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा कर सकें।

मजदूरों के हितों को लेकर शर्मा ने बताया कि इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामीनाथ जायसवाल और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद गांधी के निर्देश पर राजस्थान में बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से मजदूरों की स्थिति में सुधार लाने, उन्हें शोषण से मुक्ति दिलाने और न्याय दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही मजदूरों को नए श्रमिक कानूनों की जानकारी भी दी जाएगी।

कार्यक्रम में अभिभाषक संघ के अध्यक्ष विजय राम जाटव, वरिष्ठ अधिवक्ता बृजेश खंडेलवाल, वरिष्ठ अधिवक्ता रघुनाथ वशिष्ठ, सुनील दत्त शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता गजेंद्र सिंह, अशोक गुप्ता, लालाराम गालव, दिनेश भूराका, दुर्गेश कटरा, जाकिर हुसैन, तेजपाल सिंह चौहान, राजीव गुप्ता, चरण सिंह, देवेंद्र कुमार शर्मा और मेंघसिंह एडवोकेट सहित अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story