आशा सहयोगिनियों का प्रदर्शन: मांगें पूरी न होने पर पानी की टंकी पर चढ़ीं
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 16 दिनों से धरने पर बैठी महिलाओं ने गृह राज्य मंत्री के आश्वासन के बाद समाप्त किया प्रदर्शन।

तस्वीर में दिख रही पानी की टंकी की सीढ़ियों से कुछ महिलाएं और प्रशासनिक अधिकारी नीचे उतर रहे हैं, जबकि नीचे सुरक्षा के लिए पीला जाल लगाया गया है और कुछ लोग खड़े हैं।
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 16 दिनों से मेला मैदान में धरने पर बैठी आशा सहयोगिनियों का आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से नाराज आशा सहयोगिनियां दोपहर में सरकारी हॉस्पिटल के पीछे स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गईं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास शुरू किया।
दोपहर करीब 12 बजे 44 डिग्री की भीषण गर्मी के बीच आशा सहयोगिनियां पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगीं। उनका कहना था कि लगातार 16 दिनों से धरना देने के बावजूद अब तक न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी और न ही राज्य सरकार का कोई प्रतिनिधि उनकी मांगों को सुनने पहुंचा है। इसी उपेक्षा के कारण उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
पानी की टंकी पर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। करीब 4:30 घंटे तक चले समझाइश के प्रयासों के बाद पीएमओ डॉ. जितेंद्र सिंह तथा अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. मानसिंह स्वयं टंकी पर पहुंचे। इस दौरान पानी की टंकी पर चढ़ी आशा सहयोगिनियों की गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से बातचीत कराई गई।
बातचीत के दौरान गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह ने आश्वासन दिया कि पांच आशा सहयोगिनियों की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात कराई जाएगी। मंत्री के इस आश्वासन के बाद लगभग 4:30 घंटे की मशक्कत के पश्चात आशा सहयोगिनियां पानी की टंकी से नीचे उतरने पर राजी हुईं।
लगातार 16 दिनों से जारी धरने के बाद आंदोलन के इस नए रूप ने प्रशासन और सरकार के सामने आशा सहयोगिनियों की मांगों को लेकर बढ़ते असंतोष को स्पष्ट कर दिया है। अब सभी की नजर मुख्यमंत्री से प्रस्तावित मुलाकात और उसके बाद होने वाले निर्णय पर टिकी हुई है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
