बस स्टैंड डीग पर रोडवेज बस की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया
डीग बस स्टैंड पर मंगलवार शाम रोडवेज बस की चपेट में आने से 23 वर्षीय अशोक जाटव की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और बस जब्त कर जांच शुरू की। हादसे से परिवार में मातम छा गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

डीग। शहर के व्यस्त बस स्टैंड पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को दहला दिया। अग्रसेन सर्किल के पास रोडवेज बस की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक अशोक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को डीग अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और बस को जब्त कर सदर थाना डीग में खड़ा करवा दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अशोक (23) पुत्र खिल्लन जाटव, निवासी गांव ककड़ा, थाना खोह, जिला डीग के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ जब राजस्थान रोडवेज की एक बस, जो गोवर्धन से सवारी लेकर डीग पहुंची थी, यात्रियों को उतारने के बाद नगर रोड की ओर खड़ी की जा रही थी। उसी दौरान अशोक बस की चपेट में आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
जानकारी के मुताबिक, संबंधित बस अजमेर से गोवर्धन के लिए चलती है और वापसी में गोवर्धन से डीग में नाइट रुकती है। मंगलवार शाम बस डीग बस स्टैंड पहुंचने के बाद यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम बुधवार सुबह डीग अस्पताल में किया जाएगा।
मृतक के बड़े भाई ज्ञान सिंह ने बताया कि अशोक परिवार में सबसे छोटा और अविवाहित था। चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे अशोक के निधन से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सभी सदस्य रंग-पेंट का कार्य करते हैं। ज्ञान सिंह के अनुसार, अशोक सोमवार को कामा में एक शादी समारोह में गया था और मंगलवार को अपने गांव ककड़ा लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ।
अचानक हुई इस दुर्घटना ने डीग शहर को स्तब्ध कर दिया है। बस स्टैंड क्षेत्र में मौजूद लोगों ने हादसे के बाद युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक से पूछताछ की जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
