डीग, 8 नवम्बर। भारत के इतिहास के दो स्वर्णिम अध्याय—राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ और अखंड भारत के शिल्पी ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती—के अवसर पर डीग की धरती शनिवार को राष्ट्रभक्ति की लहरों से सराबोर हो गई। विधायक डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं ओजस्वी नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘एकता मार्च’ में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसने शहर में एकता और देशभक्ति का अद्भुत दृश्य रचा।

जिला स्तरीय ‘एकता मार्च’ का आगाज़ नेहरू पार्क से हुआ। विधायक डॉ. शैलेश सिंह, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा और एसटी कमीशन के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र मीणा ने हाथों में तिरंगा लेकर पदयात्रा की शुरुआत की। मार्च मेला मैदान, सिंह पोल गेट, पुरानी अनाज मंडी, लक्ष्मण मंदिर, मैन मार्केट, लौहा बाजार, नई सड़क और अस्पताल होते हुए पुराना बस स्टैंड स्थित शहीद स्मारक पर पहुँचा। यहां अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

मार्च में भारत स्काउट गाइड, एन.एस.एस., महाविद्यालयों व विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, राजकीय कार्मिकों और आमजन का उत्साह अत्यधिक था। ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘सरदार पटेल अमर रहें’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। पदयात्रा का समापन पुनः नेहरू पार्क में एक विराट सभा के रूप में हुआ।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा, "आज हम दो महान व्यक्तियों को एक साथ याद कर रहे हैं। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने ‘वंदे मातरम’ के माध्यम से आज़ादी की लड़ाई को नई दिशा दी। वहीं, सरदार पटेल ने देश की एकता को अक्षुण्ण बनाए रखा। उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का विलय कर भारत की आत्मा को एक किया।"

डॉ. शैलेश सिंह ने युवाओं को प्रेरित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़ने और 2047 तक भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की बदलती तस्वीर, अर्थव्यवस्था की प्रगति और महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियां इस संकल्प की पुष्टि करती हैं।

समारोह में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान जैसे देशभक्ति से जुड़े विविध आयोजन भी हुए। स्कूल और महाविद्यालयों में चित्रकला, निबंध लेखन और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ‘एक स्थान, एक समय, एक गीत – वंदे मातरम’ की थीम पर ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर सामूहिक गायन एवं यात्राएं आयोजित की गईं।

मुख्य मंच पर गुरु आशीष सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने ‘तेरी मिट्टी’ और ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति दी, जबकि आदर्श बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने ‘देश हमारा जग में पावन’ गीत से सभी का मन मोह लिया। समारोह के अंत में विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने प्रशासन, पुलिस, स्काउट, एनसीसी और जनता को धन्यवाद दिया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां ने भी सभी का आभार व्यक्त किया।

इस ऐतिहासिक आयोजन ने डीग में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को नयी ऊँचाई पर पहुँचाया और दो महापुरुषों की विरासत को याद करने का अवसर प्रदान किया।

Updated On
Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story