डीग, 21 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे 'विशेष गहन पुनरीक्षण' अभियान में जिला निर्वाचन तंत्र ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर उत्सव कौशल के सतत मार्गदर्शन में जिले में डिजिटाइजेशन कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में 52,687 गणना प्रपत्र डिजिटाइज किए गए, जिससे जिले में कुल डिजिटाइजेशन की प्रगति 57.85 प्रतिशत तक पहुंच गई।

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, पांच सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के क्षेत्रों में 60 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। विशेष रूप से एसडीएम कुम्हेर क्षेत्र में 66.78 प्रतिशत, तहसीलदार नगर में 61.72 प्रतिशत, तहसीलदार कुम्हेर में 60.99 प्रतिशत, तहसीलदार जनूथर में 60.10 प्रतिशत और तहसीलदार डीग क्षेत्र में 60.02 प्रतिशत कार्य संपन्न हो गया है।

विधानसभा-वार प्रगति का तुलनात्मक विश्लेषण बताते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,58,092 प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जो जिले में सर्वाधिक हैं। नगर विधानसभा क्षेत्र में 1,54,269 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया गया है, जबकि कामां विधानसभा क्षेत्र में अब तक 1,50,135 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन संपन्न हुआ है।

प्रतिदिन की प्रगति पर नजर डालें तो 20 नवंबर से 21 नवंबर के बीच डिजिटाइजेशन कार्य में 6.59 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जिले में अब तक कुल 4,62,496 मतदाताओं के गणना प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जो प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्रीय कर्मियों के समन्वित प्रयासों का प्रत्यक्ष परिणाम है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी एईआरओ को निर्देशित किया है कि शेष कार्य को समय सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही डेटा की शुद्धता और त्रुटिहीनता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि आगामी मतदाता सूची पूरी तरह से विश्वसनीय और सटीक हो। इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और आधुनिकरण सुनिश्चित होने की उम्मीद है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story