दौसा, 31 जनवरी। मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने शनिवार को जिले के लालसोट क्षेत्र में श्यामपुरा कलां में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने काश्तकारों के साथ संवाद कर सरकार की कृषक हितकारी योजनाओं से उन्हें मिल रहे लाभ के संबंध में फीडबैक लिया। इस दौरान मुख्य सचिव ने पालूदा में पॉली हाउस का अवलोकन कर वहां हो रही जरबेरा फूलों की खेती के बारे में जानकारी ली।

किसानों से संवाद और 'ग्राम-2026' की तैयारी

मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि "मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार किसानों को केन्द्रित करते हुए ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के बाद जयपुर में वृहद स्तर पर ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) -2026 का आयोजन प्रस्तावित है, जहां खेती एवं पशुपालन की आधुनिकतम तकनीक से किसानों को रूबरू कराया जाएगा।"

मुख्य सचिव ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि "इस क्षेत्र के पॉली हाउस की दिल्ली में केन्द्रीय कृषि मंत्रालय तक चर्चा होती है।" उन्होंने केन्द्र एवं राज्य की विभिन्न कृषक कल्याण योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि "किसान पीएम सूर्य घर योजना में सोलर प्लांट से बिजली बेचकर किसान बढ़िया आमदनी प्राप्त कर रहे हैं।" उन्होंने इस दौरान काश्तकारों से पॉली हाउस, मछली पालन, फार्म पौण्ड, तारबंदी एवं पीएम सूर्य घर सहित विभिन्न योजनाओं से मिल रहे फायदों के बारे में जानकारी ली। काश्तकारों ने अवगत कराया कि उन्हें पॉली हाउस से अच्छी आमदनी प्राप्त हो रही है। एक पॉली हाउस से हर साल 10 से 20 लाख रुपए के बीच आय हो जाती है।

प्रशासनिक सहयोग और वित्तीय प्रोत्साहन

मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार एवं लालसोट विधायक रामबिलास मीणा ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं स्वीकृति पत्र सौंपे।

जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि "ग्राम उत्थान शिविरों में किसानों को विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ आवेदन तैयार करवाए जा रहे हैं, जिनकी स्वीकृतियां जारी की जाएगी।" उन्होंने क्षेत्र में पॉली हाउस फार्मिंग के प्रति किसानों के बढ़ते रूझान को रेखांकित करते हुए बताया कि दौसा जिले में नवाचार करते हुए पॉली हाउस के लिए किसानों को सरकारी अनुदान के अलावा सहकारी बैंकों से रियायती ब्याज दर पर 10 लाख रुपए तक ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से समन्वित खेती का मॉडल अपनाकर अधिक आय प्राप्त करने का आग्रह किया।

लाभार्थियों का विवरण और सांख्यिकी

कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक रामराज मीणा ने बताया कि शिविर में दिनभर में एक हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। लाभार्थियों को वितरित सुविधाओं का विवरण निम्न है:

  • प्रधानमंत्री आवास योजना: गृह प्रवेश की 24 चाबियां
  • स्वामित्व योजना: 20 पट्टे
  • तारबंदी योजना: 21 लाभार्थी
  • मृदा स्वास्थ्य कार्ड: 75 वितरण
  • फव्वारा संयंत्र आवेदन: 27
  • मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना: 2 लाभार्थी
  • अनुदान स्वीकृति पत्र (प्रत्येक का एक-एक लाभार्थी): मुख्यमंत्री कृषि साथी सहायता योजना, पॉली हाउस निर्माण, पाइपलाइन, कृषि यंत्र, फार्म पौण्ड योजना, एवं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना।

पालूदा में जरबेरा और आधुनिक खेती का निरीक्षण

मुख्य सचिव ने रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के पालूदा गांव में प्रगतिशील किसान डॉ. मोहन लाल मीना के पॉली हाउस में जरबेरा के फूलों की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों तथा क्षेत्र के किसानों से पॉली हाउस में की जा रही खीरे, चेरी टमाटर, रंगीन मिर्च की तकनीकी खेती के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र के किसानों को कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं से अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश प्रदान किए।

उपस्थित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर लालसोट मनमोहन मीणा, उपखंड अधिकारी विजेन्द्र मीणा, श्यामपुरा कलां ग्राम पंचायत सरपंच काली देवी मीणा एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी बृज मोहन मीणा उपस्थित थे।

साथ ही निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर लालसोट मनमोहन मीणा, रामगढ़ पचवारा उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण मीणा, पंचायत समिति प्रधान डॉ. कौशल्या मीणा, संयुक्त निदेशक उद्यान जयपुर प्रदीप कुमार अग्रवाल, राजेन्द्र सिंह खीचड़, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार दौसा रामराज मीणा, उपनिदेशक उद्यान दौसा जगदीश प्रसाद मीणा, सहायक निदेशक कृषि विस्तार दौसा अशोक कुमार मीणा सहित क्षेत्र के अन्य किसान मौजूद थे।

Updated On

Next Story