दौसा। जिले की पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी गैंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता दर्ज की है। पुलिस थाना सदर दौसा और डीएसटी टीम की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों की पहचान भोपाल सिंह मीना और अजय योगी, निवासी ओण्ड मीना, थाना सलेमपुर के रूप में हुई है। दोनों के पास से तीन स्विफ्ट कारें और एक टाटा हैरियर लग्जरी SUV सहित भारी मात्रा में उपकरण और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पूरी कार्रवाई तब शुरू हुई जब 11–12 नवंबर की रात गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हाईवे पर बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध स्विफ्ट कार में दो युवक घूम रहे हैं। सूचना पर भाण्डारेज रोड पर तुरंत नाकाबंदी की गई। कुछ ही देर में एक सफेद स्विफ्ट कार बिना नंबर के दिखाई दी। पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने दौड़कर उसे दबोच लिया। बाद में वाहन से मिले दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी में पुलिस को मास्टर चाबियों का सेट, कटर, पेचकस, कार लॉक तोड़ने की मशीन, नोट गिनने की मशीन और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुईं। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी असली चेसिस नंबर घिसकर नए फर्जी नंबर डालते थे, ताकि चोरी की गाड़ियों को आसानी से बेच सकें। बरामद स्विफ्ट कारों में से एक का चेसिस नंबर जांच में फर्जी पाया गया, जिससे पुलिस को गैंग के बड़े नेटवर्क का अंदेशा हुआ।

पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली के पालम इलाके से वाहन चोरी कर लाते थे और गैंग के अन्य सदस्यों संजय व डबल डी के साथ मिलकर राजस्थान में बेचते थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गैंग के फरार सदस्यों की तलाश तेज कर चुकी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

लग्जरी वाहनों की चोरी में शामिल इस गैंग का पर्दाफाश जिले की कानून व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़कर वाहन चोरी की इस कड़ी को पूरी तरह तोड़ दिया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story