दौसा। ग्राम पंचायत खां भांकरी के राजकीय सीनियर माध्यमिक विद्यालय में भारतीय डाक विभाग, दौसा उपखंड द्वारा दो दिवसीय बाल चौपाल का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बालक-बालिकाओं के आधार कार्ड के फिंगरप्रिंट और फोटो अपडेट के साथ-साथ नए आधार कार्ड बनवाने की सुविधा प्रदान की गई।

दो दिवसीय कार्यक्रम में बच्चों, उनके अभिभावकों और विद्यालय के अध्यापकों को भारतीय डाक विभाग और भारत सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। सहायक डाक अधीक्षक ललीत मीणा ने बताया कि विशेष रूप से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जन्म से 10 वर्ष तक की बालिकाओं के खाते खोले गए।

इस दौरान डाक विभाग की ओर से स्थानीय विद्यालय के बच्चों के लिए क्यूज़, लेटर बॉक्स और ड्राइंग प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में उच्च अंक प्राप्त करने वाले बच्चों को ईनाम और प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों और उनके अभिभावकों को विभिन्न वित्तीय एवं बचत योजनाओं जैसे कि आर्वती जमा खाता, पीपीएफ बचत खाता, सुकन्या समृद्धि योजना, महिला सम्मान निधि खाता, फिक्स टाइम डिपॉज़िट खाता, किसान विकास पत्र, मनरेगा खाता, पीएम किसान सम्मान निधि खाता, गैस सब्सिडी खाता, डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के बारे में जानकारी दी गई। डाक विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को इन अल्प बचत योजनाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर एम.ओ. ओमप्रकाश गुर्जर, घनश्याम शर्मा और शाखा डाकपाल गिर्राज शर्मा सहित बच्चों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल बच्चों को डिजिटल पहचान और वित्तीय साक्षरता से जोड़ना था, बल्कि उन्हें बचत और वित्तीय योजना की महत्ता से अवगत कराना भी था।

इस दो दिवसीय बाल चौपाल ने बच्चों एवं उनके अभिभावकों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story