दौसा। समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ने वाले स्वर्गीय किशनलाल बैरवा (पूर्व प्रधान, दौसा) की दसवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को एक भव्य श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दौसा विधायक डी.सी. बैरवा के सान्निध्य में स्वर्गीय किशनलाल बैरवा स्मृति स्थल, जीरोता मोड़, दौसा पर प्रातः 11 बजे से आरंभ होगा।

इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक दिवंगत नेता के योगदान को नमन करेंगे। समारोह में दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा, पूर्व केबिनेट मंत्री ममता भूपेश, पूर्व मंत्री एवं विधायक प्रसादी लाल मीणा, पूर्व विधायक जी.आर. खटाना, पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला, जिला प्रमुख हीरालाल सैनी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामजी लाल ओढ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान, सरपंच, पार्षद, मण्डल अध्यक्ष, इकाई अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी शामिल होंगे।

श्रद्धांजलि समारोह में वक्ताओं द्वारा स्वर्गीय किशनलाल बैरवा के जनसेवा, संगठनात्मक क्षमता एवं सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को याद किया जाएगा। उनके नेतृत्वकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों और जनता के हित में उठाए गए कदमों को स्मरण करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जाएगी।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के बीच जनसेवा के मूल्यों को पुनः जाग्रत करना और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरित करना है। यह दिन न केवल एक श्रद्धांजलि का अवसर होगा, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति के जीवन मूल्यों को पुनः स्मरण करने का क्षण भी, जिसने अपना सम्पूर्ण जीवन समाज और क्षेत्र की उन्नति को समर्पित किया।

Next Story