नोहर, 10 नवम्बर।

भामाशाहों की शिक्षा के प्रति समर्पण भावना और ग्रामीणों की एकजुटता का अद्भुत उदाहरण सोमवार को परलीका गांव में देखने को मिला, जब नथमल पेड़ीवाल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक साथ कई निर्माण कार्यों का लोकार्पण हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि भादरा के विधायक संजीव कुमार बेनीवाल थे, जबकि विशिष्ट अतिथि नोहर के पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकिशन भाकर रहे। विद्यालय प्रांगण में ग्रामीणों, शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों और छात्राओं की उपस्थिति से वातावरण उल्लासपूर्ण रहा। अतिथियों का पारंपरिक राजस्थानी साफा, माल्यार्पण और शाल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति ने भामाशाहों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। लोकार्पण किए गए कार्यों में चौधरी जोधाराम सहारण की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा निर्मित कक्षा-कक्ष, संतोष देवी भरींडवाल की स्मृति में सेवानिवृत्त शिक्षक जीवनराम भरींडवाल द्वारा बनवाया गया वाटर टैंक व वाटर हट, तथा रामेश्वरी देवी पत्नी जुगलाल बैनीवाल की स्मृति में निर्मित बैडमिंटन कोर्ट शामिल रहे। बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन करने के बाद विधायक संजीव बेनीवाल और पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने प्रतीकात्मक रूप से बैडमिंटन भी खेला, जिससे कार्यक्रम में उल्लास का माहौल बन गया।

अपने संबोधन में विधायक संजीव बेनीवाल ने कहा कि परलीका गांव का शिक्षा के प्रति समर्पण पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विद्यालय के लिए विधायक निधि से एक अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि “गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।”

पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे बालिकाओं की उच्च शिक्षा सुनिश्चित करें ताकि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकिशन भाकर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में परलीका के लोगों की सोच और भागीदारी सराहनीय है।

सीबीईओ भगवती वर्मा ने शिक्षा विभाग की योजनाओं की जानकारी दी, जबकि जिला परिषद सदस्य दीपचंद बैनीवाल, पंचायत समिति सदस्य राजाराम सहारण और पीईईओ डॉ. पवन कुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की।

सेवानिवृत्त शिक्षक जीतमल बेनीवाल ने आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम का संचालन शिक्षक शंकर सुथार व कविता ने किया।

कार्यक्रम में उप सरपंच रानी देवी, विद्यालय समिति अध्यक्ष पीरदान खाती, समाजसेवी कृष्ण बेनीवाल, सहकारी समिति अध्यक्ष रणजीतसिंह गोदारा, सहायक अभियंता प्रदीप स्वामी, सरपंच प्रतिनिधि बृजलाल कालवा, एसएमसी अध्यक्ष सुभाषचंद्र शर्मा, बलवंत सैनी, न सरपंच राजेंद्र निमिवाल, प्रियंका सहारण, भागीरथ ढाका, सरपंच बंशीलाल बेनीवाल, अनूपसिंह शेखावत और मांगूसिंह राठौड़ गोगामेड़ी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इस अवसर पर भामाशाहों ने विद्यालय के विकास हेतु कई नई घोषणाएं भी कीं। भामाशाह कृष्णचंद्र बैनीवाल ने अपने पिता चौधरी भगवानाराम बैनीवाल की स्मृति में लगभग 15 लाख रुपए की लागत से विद्यालय का मुख्यद्वार और चारदीवारी निर्माण की घोषणा की। वहीं अंगद कुमार बैनीवाल ने अपने पिता, पूर्व सरपंच चौधरी आईदान बैनीवाल की स्मृति में विद्यालय की प्रत्येक कक्षा में सीसीटीवी कैमरे लगवाने का संकल्प लिया।

यह आयोजन न केवल भामाशाहों की समाज सेवा की भावना का प्रतीक रहा, बल्कि इसने यह भी सिद्ध किया कि सामूहिक सहयोग और शिक्षा के प्रति जागरूकता से किसी भी गांव को विकास के नए आयाम तक पहुँचाया जा सकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story