जयपुर/दौसा। दौसा लोकसभा क्षेत्र के सांसद मुरारीलाल मीना ने प्रदेश के मुख्य सचिव से मुलाकात कर क्षेत्र की जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान सांसद ने दौसा रेलवे स्टेशन, बांदीकुई आरोबी कार्य और ईसरदा पेयजल योजना सहित कई विकास कार्यों की प्रगति पर गंभीर चिंता जताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।

सांसद मीना ने मुख्य सचिव का ध्यान विशेष रूप से दौसा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती परेशानी की ओर आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्टेशन पर प्रवेश और निकास मार्ग एक ही होने के कारण यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। भीड़भाड़ कम करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए उन्होंने आबकारी कार्यालय के समीप से एक पृथक निकास मार्ग बनाने का सुझाव दिया।

सांसद ने यह भी बताया कि रेलवे विभाग इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे चुका है तथा जिला कलक्टर, दौसा द्वारा आबकारी विभाग और रेलवे दोनों को इस विषय में पत्र भी भेजा जा चुका है। उन्होंने आग्रह किया कि आबकारी कार्यालय को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कर उसकी भूमि रेलवे को निकास मार्ग के लिए उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में सांसद मीना ने बांदीकुई के पास स्थित धोली गुमटी रेलवे आरोबी के अधूरे कार्य का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि यह कार्य वर्षों से लंबित है, जिसके कारण बांदीकुई–अलवर मार्ग पर आवागमन बाधित है। उन्होंने इसके शीघ्र पूर्ण होने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि क्षेत्र के लोगों को यातायात सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही उन्होंने दौसा शहर एवं ईसरदा पेयजल योजना के अधूरे कार्यों को भी जल्द पूरा करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से शहरवासियों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्य सचिव ने सांसद मुरारीलाल मीना को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए जाएंगे। बैठक का समापन इस आश्वासन के साथ हुआ कि दौसा जिले में जनसुविधाओं से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story