दौसा। राजस्थान के दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया। संयुक्त ऑपरेशन में AGTF (एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स), SOG और दौसा पुलिस की टीम ने 10 किलो 692 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत कई करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस दौरान पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनकी स्कार्पियो कार जप्त कर ली।

सूत्रों के अनुसार, यह मादक पदार्थ मणिपुर से लाया जा रहा था और मध्यप्रदेश में सप्लाई किया जाना था। इस कार्रवाई से एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है, जो लंबे समय से सक्रिय था।

खेड़ा पहाड़पुर में हाईवे पर नाकाबंदी, स्कार्पियो से मिला नशा

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर भारी मात्रा में नशा लेकर नेशनल हाईवे-21 से गुजरने वाले हैं। इस पर AGTF, SOG और दौसा पुलिस ने संयुक्त रूप से खेड़ा पहाड़पुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कार्पियो वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया।

जयपुर से पहुंची 10 बोलेरो की विशेष टीमें

ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए जयपुर से 10 बोलेरो गाड़ियों में विशेष पुलिस टीमें रवाना की गई थीं। योजनाबद्ध तरीके से की गई इस कार्रवाई में तस्करों को बिना किसी हंगामे के गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर नशे की तस्करी में लिप्त थे।

ADG दिनेश एम.एन. के निर्देशन में चला ऑपरेशन

यह पूरी कार्रवाई एडीजी आईपीएस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करी के नेटवर्क पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई राज्य में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार है और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जिलेभर में इस सफलता की व्यापक चर्चा है। कानून व्यवस्था और समाज की सुरक्षा के लिए इसे पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story