दौसा। जिले में मतदाता जागरूकता और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला परिषद सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल ने की। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कर्मचारी ऑनलाइन गणना प्रपत्र को अनिवार्य रूप से भरे और इस प्रक्रिया में सौ प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करे।

बैठक में डीएलएमटी हरविंद प्रकाश मीणा और पीयूष शर्मा ने ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरने की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। सीईओ गंगवाल ने कहा कि निर्वाचन कार्यों की सटीकता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह प्रक्रिया आवश्यक है। उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि प्रत्येक कर्मचारी और युवा इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें और समय पर अपने विवरण पोर्टल पर दर्ज करें।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बैठक में ईएलसी (इलेक्शन लिटरेसी क्लब) गतिविधियों की भी समीक्षा की और सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों को प्रत्येक माह की गतिविधियों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन साक्षरता का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ और भागीदारी को बढ़ाना है, इसलिए विद्यालय और कॉलेज इस दिशा में जिम्मेदारी से कार्य करें।

बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों को निर्वाचन विभाग के सोशल मीडिया हैंडल्स फॉलो करने और वोटर हेल्पलाइन ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सीईओ गंगवाल ने सभी उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई और आगामी निर्वाचन कार्यों में पूर्ण निष्ठा से योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ईएलसी स्कूल एवं कॉलेज के नोडल अधिकारी, सीबीईओ, विभिन्न विभागों के जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, स्वीप ब्लॉक समन्वयक कमलेश कुमार मीणा, स्वीप सदस्य अशोक कुवाल, जिला इलेक्शन आइकॉन शोभा शर्मा, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अशोक खेडला एवं रामू मास्टर, साथ ही कैंपस एंबेसडर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं शिक्षण प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस बैठक के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया अब डिजिटल और पारदर्शी ढांचे में संचालित होगी, जिससे लोकतांत्रिक प्रणाली और अधिक सुदृढ़ बनेगी।

Next Story