नोहर, 10 नवंबर।

मिशन सौ बेड की प्रेरणा से सेवा और शिक्षा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए नोहर के प्रतिष्ठित नेवर परिवार ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नं. 2 में चार कमरों मय बरामदे के निर्माण हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। मुख्यमंत्री जन सहभागी योजना (एमजेएसवाई) के तहत होने वाले इस निर्माण पर लगभग चालीस लाख रुपए की लागत आएगी। यह निर्माण स्व. नारायणी देवी नेवर और स्व. रामा देवी नेवर की पुण्य स्मृति में करवाया जा रहा है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में स्थायी योगदान का एक नया अध्याय जुड़ गया है।

सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में नेवर परिवार की ओर से भामाशाह प्रेरक हनुमान प्रसाद व्यास और एडवोकेट के.एल. मित्रुका ने विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती आरती कौशिक को चौदह लाख रुपए की राशि का चेक भेंट किया। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर दोनों अतिथियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया और उनके सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सुमित चाचाण, नगरपालिका चेयरमैन प्रतिनिधि मेहरुन्निसा टॉक, शिक्षा विभाग के सुशांत जांगीड़, प्राचार्य महेंद्र मिश्रा, पार्षद प्रदीप सेवग, एसडीएमसी कमेटी सदस्य ईलियास मोहम्मद, मुकेश पंडा, अभयचंद भौजक, जगदीश प्रसाद सेवग, प्रेम महर्षि और इंद्रचंद सेवग सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।

इस अवसर पर विद्यालय की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया, वहीं प्रधानाचार्य आरती कौशिक और अन्य वक्ताओं ने नेवर परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक सहयोग से शिक्षा संस्थानों का विकास संभव हो पाता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।

नेवर परिवार की यह पहल न केवल शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सशक्त करेगी, बल्कि समाज में दान और सहयोग की भावना को भी नई दिशा देगी। मिशन सौ बेड से उपजी यह प्रेरणा अब शिक्षा के क्षेत्र में भी जनभागीदारी का एक सशक्त प्रतीक बनती जा रही है।

Next Story