दौसा में भव्य जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम, मंत्री राठौड़ ने बिहार चुनाव पर किया तंज
दौसा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित भव्य जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भाग लिया। कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति की झलक, योजनाओं का लाभ वितरण और बिहार चुनाव पर मंत्री का तंज प्रमुख आकर्षण रहे।

दौसा। जनजातीय समाज की गौरव गाथा और सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को दौसा में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ रहे, जिनके साथ जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार, विधायक दीनदयाल बैरवा, एडीएम अरविंद शर्मा और नगर परिषद सभापति कल्पना जैमन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आदिवासी परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन करने वाले आदिवासी पद दंगल से हुई, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक लुगड़ी पहनकर भाग लिया। परिसर में हर ओर जनजातीय संस्कृति की झलक दिखाई दी। मंत्री राठौड़ और जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने सूचना केंद्र में आयोजित प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और बिरसा मुंडा की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में मंत्री राठौड़ ने कहा कि बिरसा मुंडा एक साधारण परिवार से थे, लेकिन अंग्रेजों के अत्याचार और धर्मांतरण की योजनाओं के खिलाफ उन्होंने साहसिक आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सम्मान में जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। मंत्री ने यह भी कहा कि “परंपरा भी, प्रगति भी, आधुनिकरण भी और पहचान भी”—इन्हीं मूल्यों के साथ यह दिवस मनाया जा रहा है।
राजस्थान सहित देशभर में जनजाति योद्धाओं के योगदान को याद करते हुए मंत्री राठौड़ ने दौसा जिले में आदिवासी समाज को सरकार की योजनाओं से जोड़ने और उपलब्धियां दिलाने की जानकारी दी। बिहार चुनाव और राजनीतिक बयानबाज़ी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष किया और कहा, “जब झूठ फैलाने की कोशिश होती है, तो जनता उसी के अनुरूप फैसला देती है।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि “बिहार चुनाव में कांग्रेस की जो सीटें आईं, वह बोलेरो गाड़ी की सीटों से भी कम हैं।”
कार्यक्रम राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय कार्यक्रमों से लाइव जुड़े हुए थे। उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जनजाति विकास विभाग मंत्री बाबुलाल खराड़ी के प्रेरणादायक संबोधन सुने। इस अवसर पर लोक गायक रामू मास्टर और डीके सत्तावन की टीमों ने जनजातीय लोक संगीत प्रस्तुत किया।
मंत्री राठौड़ ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन, फार्म पौंड योजना, गौपालन क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदे योजना एवं सूक्ष्म सिंचाई योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। उन्होंने राजीविका के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्थानीय उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन किया और उनके कौशल की सराहना की। विभिन्न क्लस्टरों की महिलाओं ने हैंडीक्राफ्ट, होम डेकोर, जूट बैग, लेदर उत्पाद और सॉफ्ट टॉयज जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए।
- दौसा जनजातीय गौरव दिवसबिरसा मुंडा जयंतीकर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़राजस्थान आदिवासी कार्यक्रमआदिवासी पद दंगलबिहार चुनाव तंजदौसा जिला कार्यक्रमराजीविका महिला स्टॉलआदिवासी संस्कृति राजस्थानप्रधानमंत्री आवास योजना दौसालोक गायन दौसाजनजातीय योजनाएं राजस्थानदेवेंद्र कुमार दौसादीनदयाल बैरवाबाबुलाल खराड़ीप्रधानमंत्री मोदी प्रेरक उद्बोधन

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
