वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना की लॉटरी निकाली, दौसा जिले के 1302 वरिष्ठ नागरिक करेंगे निःशुल्क तीर्थ यात्रा
दौसा जिला कलक्ट्रेट में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत कम्प्यूटरीकृत लॉटरी निकाली गई। योजना के अंतर्गत जिले के 1302 वरिष्ठ नागरिकों का चयन हुआ है, जिनमें 1160 रेल और 142 हवाई यात्रा करेंगे। यात्रियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों सहित पशुपतिनाथ, काठमांडू की यात्रा का लाभ मिलेगा।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा और देवस्थान विभाग के अधिकारी कार्यालय में कम्प्यूटर स्क्रीन पर वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना की ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया की निगरानी करते हुए।
देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के अंतर्गत जिले के वरिष्ठ नागरिकों के चयन के लिए बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा की अध्यक्षता में कम्प्यूटरीकृत लॉटरी निकाली गई। योजना के तहत इस वर्ष दौसा जिले के 1302 वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न धार्मिक स्थलों की निःशुल्क तीर्थ यात्रा कराई जाएगी।
जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा 2026-27 के अनुसार प्रदेश के 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा का लाभ प्रदान किया जाएगा। इनमें 50 हजार यात्रियों को वातानुकूलित रेल तथा 6 हजार यात्रियों को हवाई जहाज से यात्रा करवाई जाएगी। इसी क्रम में दौसा जिले के लिए 1302 यात्रियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें 1160 वरिष्ठ नागरिक रेल मार्ग तथा 142 वरिष्ठ नागरिक हवाई मार्ग से तीर्थ यात्रा कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि तीर्थ यात्रियों को हरिद्वार-ऋषिकेश-अयोध्या-वाराणसी-सारनाथ, सम्मेदशिखर-पावापुरी-वाराणसी-सारनाथ, मथुरा-वृंदावन-बरसाना-आगरा-अयोध्या, द्वारकापुरी-नागेश्वर-सोमनाथ, तिरूपति-पदमावती, कामाख्या-गुवाहटी, गंगासागर-कोलकता, जगन्नाथपुरी-कोणार्क, रामेश्वरम-मदुरई, वैष्णोदेवी-अमृतसर-वाघा बॉर्डर, गोवा के मंदिर एवं अन्य स्थल चर्च आदि, महाकालेश्वर, उज्जैन-ओमकारेश्वर, त्रयम्बकेश्वर-घृष्णेश्वर-एलोरा, बिहार-शरीफ, पटना साहिब, पटना बिहार तथा श्रीहजुर साहिब नांदेड़, महाराष्ट्र की रेल यात्रा करवाई जाएगी। वहीं पशुपतिनाथ, काठमांडू, नेपाल की हवाई यात्रा भी योजना में शामिल है।
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा, मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीताराम मीणा, देवस्थान विभाग के मुकेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत निकाली गई यह कम्प्यूटरीकृत लॉटरी जिले के हजारों वरिष्ठ नागरिकों के लिए धार्मिक आस्था से जुड़े प्रमुख तीर्थ स्थलों तक निःशुल्क यात्रा का मार्ग प्रशस्त करेगी तथा राज्य सरकार की सामाजिक कल्याणकारी पहल को मजबूती प्रदान करेगी।

Sunil Satyawadi, Dausa
नाम: सुनील सत्यवादी
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, पब्लिक ऐप (InShorts)
कार्यक्षेत्र: दौसा (राजस्थान)
अनुभव: साल 2006 से (प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, और स्वास्थ्य
परिचय व अनुभव
सुनील सत्यवादी साल 2006 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान प्रिंट मीडिया में प्रतिष्ठित पाक्षिक पत्रिका 'तथ्य भारती', 'राजस्थान पत्रिका' और 'दैनिक भास्कर' के लिए वर्षों तक लेख (आर्टिकल्स) लिखे। इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल मीडिया में कदम रखते हुए 'सहारा समय', 'A1 टीवी' और 'ख़बर फ़ास्ट' सहित अनेक टीवी चैनलों के लिए काम किया। वर्तमान में वह अक्टूबर 2020 से वीडियो न्यूज़ प्लेटफॉर्म 'पब्लिक ऐप' के लिए दौसा जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्य कर रहे हैं।
विशेषज्ञता और कार्यशैली (Specialization & Skills)
- त्वरित रिपोर्टिंग: मजबूत शब्दकोश के कारण वे किसी भी विषय पर बिना पूर्व स्क्रिप्ट या इंट्रो के सीधे कैमरे के सामने या मंच पर रिपोर्टिंग करने में सक्षम हैं।
- लॉन्ग-फॉर्म इंटरव्यू: पिछले 5 वर्षों में उन्होंने जिला कलेक्टर सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारियों के कई विस्तृत और मोटिवेशनल इंटरव्यू लिए हैं।
- सकारात्मक पत्रकारिता: वे मुख्य रूप से राजनीतिक और प्रशासनिक विषयों पर विश्लेषणात्मक व सकारात्मक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
स्नातक (Graduate)
