दौसा एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर, 7 लोगों की मौत
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस और ट्रेलर में टक्कर के बाद आग लग गई, हादसे में 22 लोग घायल हुए हैं।

तस्वीर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे हादसे के बाद पुलिसकर्मी जली हुई बस के मलबे और दुर्घटनास्थल की जांच करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
दौसा जिले में बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे की खबर के साथ हुई। कोलवा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे एक निजी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रेलर दोनों में आग लग गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार निजी स्लीपर बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद लगी आग के कारणों की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में 5 लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि 2 लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए 22 लोगों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद काफी देर तक घायलों को समय पर राहत नहीं मिल सकी। कुछ ग्रामीणों ने दावा किया कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के कई बॉक्स रखे थे, जिससे आग अधिक भड़कने की आशंका है। हालांकि पुलिस ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू हो जाता तो हादसे में होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य सरकारी एजेंसियां युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
दौसा जिला अस्पताल में हादसे के बाद अत्यंत मार्मिक दृश्य देखने को मिले। एक महिला अपने परिजनों की सलामती की दुआ करते हुए अस्पताल स्टाफ के पैरों में गिर गई। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जिला प्रशासन के आला अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। घटना को लेकर कई राजनीतिक प्रतिनिधियों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य के साथ-साथ हादसे के सभी पहलुओं की जांच में जुटा है। पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी अपडेट जारी रहने की संभावना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
