दौसा। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर शुक्रवार को दौसा जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एकदिवसीय रोजगार सहायता शिविर के रूप में सामने आया। सूचना केंद्र के सामने आयोजित इस शिविर में सुबह से ही युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दिनभर चली इस पहल में कुल 1500 से अधिक बेरोजगार युवाओं ने रोजगार के लिए अपना पंजीकरण कराया, वहीं 14 नामी कंपनियों ने शिविर में भाग लेते हुए मौके पर ही युवाओं के इंटरव्यू लिए।

शिविर में शामिल प्रमुख कंपनियों में एलआईसी, जी4एस सिक्योर, डॉ. रेड्डी’ज फाउंडेशन, रेक्सा सिक्योरिटी, पुखराज हेल्थ, और डेटोन नेचुरल रिसोर्स जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं शामिल रहीं। कंपनियों ने रिलेशनशिप मैनेजर, फील्ड ऑफिसर, सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर, रिटेल मार्केटिंग, और बीमा सलाहकार जैसे पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया।

रोजगार अधिकारी श्यामलाल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र से जोड़कर उन्हें योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि कोई भी योग्य युवा रोजगार से वंचित न रहे। इस दिशा में जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।”

शिविर में 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक सहित विभिन्न शिक्षण पृष्ठभूमि वाले युवाओं ने भाग लिया। युवाओं से आधार कार्ड, वोटर आईडी, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जैसी जरूरी दस्तावेजों की प्रतियां मांगी गईं ताकि चयन प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।

रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित युवाओं को जल्द ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस तरह के रोजगार सहायता शिविर साल में चार बार आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।

इस पहल से जहां एक ओर युवाओं में रोजगार को लेकर नई उम्मीद जगी है, वहीं जिला प्रशासन की यह पहल बेरोजगारी की समस्या से निपटने की दिशा में एक ठोस कदम साबित हो रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story