दौसा में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘यूनिटी मार्च’ का भव्य आयोजन, शहर में गूंजा एकता का संदेश
दौसा में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा भव्य यूनिटी मार्च आयोजित किया गया। शहर में निकली पदयात्रा ने एकता, राष्ट्रभक्ति और लोक संस्कृति का शानदार संगम प्रस्तुत किया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली बच्चों और सैकड़ों नागरिकों ने भाग लिया।

दौसा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधीन “मेरा युवा भारत” दौसा द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से गुरुवार को भव्य ‘यूनिटी मार्च’ का आयोजन किया गया। यह ऐतिहासिक आयोजन शहर में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना का प्रतीक बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई, जिसके पश्चात राष्ट्रभक्ति और एकता के संदेश से ओतप्रोत उद्बोधनों ने वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। मंच संचालिका द्वारा उपस्थित युवाओं को “एकता की शपथ” दिलाई गई। इसके बाद प्रशासवी टीटी कॉलेज के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की विविधता में एकता की झलक पेश की।
पदयात्रा को मिला जनसमर्थन और उत्साह
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रैला और एडीएम मनमोहन मीना ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। सहजनाथ महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई यह यात्रा वीर हनुमान मंदिर तक पहुंची, जहां शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया। यात्रा मार्ग गांधी तिराहा, पीजी कॉलेज और प्रमुख चौराहों से गुजरती हुई उत्साह और देशभक्ति के नारों से गूंज उठी।
जिला मीडिया प्रभारी प्रेम हरितवाल ने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रतन तिवाड़ी, टीकम सिंह गुर्जर, घनश्याम बालाहेड़ी, महामंत्री विपिन जैन, मंजू लता जाटव, मंजू साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। युवा अधिकारी पूनम कुमारी, नगर परिषद आयुक्त कमलेश मीणा, डिप्टी एसपी रवि प्रकाश, कोतवाल सुधीर उपाध्याय, खेल अधिकारी मनोज शर्मा, एनएसएस जिला समन्वयक राकेश शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी मांगीलाल महावर, मधुकांता मीणा, राकेश गौतम, एनसीसी और स्काउट गाइड प्रभारीगण सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
लोक संस्कृति और देशभक्ति का संगम
रैली के दौरान लोक कलाकार मधुसूदन शर्मा एवं उनके दल ने पारंपरिक लोक गीतों से माहौल को जीवंत कर दिया। पहला पड़ाव गांधी तिराहा रहा, जहां महात्मा गांधी और सरदार पटेल के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद पीजी कॉलेज परिसर में लोक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। रैली के समापन पर वीर हनुमान मंदिर में सामूहिक राष्ट्रगान गूंजा, जिसने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती कमला शर्मा एवं नवनीत शर्मा ने किया, जबकि अंत में सभी प्रतिभागियों को अल्पाहार वितरित किया गया। यह आयोजन न केवल सरदार पटेल के आदर्शों को स्मरण करने का अवसर बना, बल्कि युवाओं को राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का जीवंत संदेश भी दे गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
