केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में 17 वर्षीय किशोर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को घर से लापता हुए अभिराम का शव पंगपारा स्थित एक खाली प्लॉट में बोरे के अंदर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग लड़की समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में लड़की से दोस्ती को लेकर विवाद हत्या की वजह होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस आयुक्त अरुल आरबी कृष्णा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में एक किशोर और उम्मर नाम के व्यक्ति की भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने अपराध को अंजाम देने की बात कबूल की है। उम्मर का नाम पुलिस की गुंडा सूची में भी शामिल बताया गया है। वहीं, हिरासत में ली गई नाबालिग लड़की की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिराम की हत्या के पीछे एक लड़की से दोस्ती को लेकर विवाद हो सकता है। जांचकर्ताओं को संदेह है कि आरोपियों ने लड़की के इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल करके अभिराम को मिलने के बहाने सुनसान जगह पर बुलाया था। वहां बेल्ट से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बोरे में भरकर पंगपारा स्थित खाली प्लॉट में फेंक दिया गया।

पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि नाबालिग आरोपी की लड़की से नजदीकी थी और अभिराम के साथ उसकी बातचीत को लेकर दोनों लड़कों के बीच विवाद हुआ था या नहीं।

अभिराम रविवार दोपहर करीब तीन बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह पंगपारा में दोस्तों से मिलने जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, घर से निकलने से ठीक पहले उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया था। इसके बाद अभिराम ने अपने पिता को फोन करके जल्द घर लौटने की बात कही थी।

हालांकि, शाम तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। कई बार फोन करने के बावजूद उससे संपर्क नहीं हो सका, क्योंकि उसका मोबाइल बंद आ रहा था। इसके बाद परिवार ने श्रीकार्यंम पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अभिराम के मोबाइल फोन की जानकारी, कॉल डिटेल और टावर लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। उसके दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की गई। इसके अलावा पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इन सुरागों के आधार पर जांचकर्ताओं ने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं और पंगपारा स्थित खाली प्लॉट तक पहुंचे, जहां से अभिराम का शव बरामद हुआ।

परिजनों का कहना है कि घर से निकलने से पहले अभिराम सामान्य व्यवहार कर रहा था। उसमें किसी तरह की घबराहट या मानसिक परेशानी के संकेत नहीं दिखाई दिए थे।

इस बीच, अभिराम के रिश्तेदारों ने पुलिस पर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने के बाद भी उसकी तलाश में देरी करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। मामले में हत्या की वजह, आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story