मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की क्राइम डिटेक्शन ब्रांच यूनिट-04 ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक ऐतिहासिक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुंबई, गुजरात, तेलंगाना और अब उत्तर प्रदेश तक फैले एक अंतरराज्यीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 20 ड्रग्स माफियाओं को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इस व्यापक धरपकड़ अभियान में पुलिस ने 22 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स और इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली घातक सामग्री जब्त की है।

ऑपरेशन की शुरुआत से ही क्राइम ब्रांच की टीम ने संगठित तरीके से जाल बिछाया, जिसके तहत पति-पत्नी सहित दर्जनों तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जांच की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र में स्थित एक गुप्त ड्रग्स फैक्ट्री तक जा पहुंची। यहां से टीम ने भारी मात्रा में केमिकल, एमएमए (मोनो मिथाइलमाइन) और ड्रग्स तैयार करने के आधुनिक लैब उपकरण जैसे हीटिंग ड्रायर, सेपरेशन फ्लास्क और रिकवरी फ्लास्क बरामद किए। इसी कड़ी में तसलीम आरिफ और छुट्टन उर्फ रज्जाक को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से एक किलो से अधिक एमडी ड्रग्स बरामद हुआ। कुल मिलाकर, इस कार्रवाई में अब तक 2.07 करोड़ रुपये के उपकरणों सहित 22.79 करोड़ रुपये की नशीली सामग्री जब्त की जा चुकी है।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर निकेत कौशिक, एडिशनल पुलिस कमिश्नर दत्तात्रेय शिंदे, डीसीपी संदीप डोईफोडे और एसीपी मदन बल्लाल के मार्गदर्शन में पीआई प्रमोद बडख और उनकी पूरी टीम द्वारा की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8 (a), 21 (a), 22 (a) और 29 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस गहन जांच में जुटी है। इस ऑपरेशन ने देश भर में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क की कमर तोड़ दी है, जो सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story