उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मेरठ के एक पॉश इलाके में रहने वाली जिम संचालिका ने अपने पड़ोस में रहने वाले एक सरकारी बैंक के क्लर्क पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी बैंककर्मी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान उसकी अश्लील फोटो व वीडियो बना ली। इसके बाद उन्हीं तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी लगातार उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा। इस मामले को लेकर पीड़ित महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी के साथ-साथ उसके परिजनों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पति की मृत्यु के बाद बच्चों की संभाल रही है जिम्मेदारी

मेडिकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक पॉश कॉलोनी में रहने वाली महिला ने पुलिस को अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि पति की मृत्यु के बाद वह अकेले ही अपने बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रही है। परिवार का गुजर-बसर ठीक से चल सके, इसके लिए उसने अपने ही फ्लैट में एक जिम शुरू किया हुआ है। इसी दौरान उसकी जान-पहचान पड़ोस में ही रहने वाले सरकारी बैंक के क्लर्क और उसकी सरकारी शिक्षिका पत्नी से हो गई थी। दोनों परिवारों के बीच अच्छे पारिवारिक संबंध होने के कारण उनका एक-दूसरे के घर आना-जाना भी आम बात थी।

फ्लैट पर बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि करीब तीन साल पहले आरोपी बैंककर्मी ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर उसे अपने फ्लैट पर बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचने पर आरोपी ने उसे नमकीन में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया, जिससे वह पूरी तरह बेहोश हो गई। इसी बेहोशी की हालत का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान उसकी कुछ अश्लील तस्वीरें खींच लीं तथा वीडियो बना लिया।

बदनामी की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा आरोपी

महिला का आरोप है कि घटना के बाद से ही आरोपी उन अश्लील फोटो और वीडियो को अपना हथियार बना लिया। वह लगातार उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता पर दबाव बनाता रहा। समाज में बदनामी होने और अपने मासूम बच्चों के भविष्य की चिंता के चलते वह लंबे समय तक चुपचाप सब सहती रही। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी के पास एक पिस्तौल भी है, जिसे वह कई बार दिखाकर यह धमकी देता था कि अगर उसके पास नहीं आई तो वह उसे और उसके बच्चों को गोली से उड़ा देगा। शिकायत के साथ पीड़िता ने आरोपी की हथियारों के साथ मौजूदगी वाली कुछ तस्वीरें और वीडियो भी पुलिस को सौंपे हैं।

शिक्षिका पत्नी और भाई पर मारपीट का आरोप

पीड़िता ने आगे बताया कि जब आरोपी की प्रताड़ना हद से ज्यादा बढ़ गई, तो कुछ दिन पहले उसने परेशान होकर आरोपी की सरकारी शिक्षिका पत्नी को इस पूरी घटना की जानकारी दी। आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका, उसका बैंककर्मी पति और उसका भाई तीनों मिलकर पीड़िता के घर पहुंच गए। वहां उन्होंने पीड़िता के साथ जमकर गाली-गलौज की और मारपीट की। इस घटना के बाद पीड़िता ने चुप न बैठकर सीधे पुलिस अधिकारियों के पास जाकर न्याय की गुहार लगाने का फैसला किया।

पुलिस ने कही निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की बात

इस पूरे मामले को लेकर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने मीडिया और पुलिस पक्ष की जानकारी देते हुए बताया कि एसएसपी कार्यालय में प्राप्त शिकायत में पीड़िता द्वारा लगाए गए सभी गंभीर आरोपों की पुलिस द्वारा गंभीरता से जांच कराई जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्‍यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story