दिल्ली: गुरुवार को दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक मुठभेड़ के दौरान 'कुख्यात सिग्मा गैंग' के चार मोस्ट वांटेड अपराधी मारे गए। यह संयुक्त कार्यवाही दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की टीम ने की। पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर 22 और 23 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात लगभग 2 बजकर 20 मिनट पर हुआ, जब दोनों पुलिस टीमों ने बहादुर शाह मार्ग और डॉ. अंबेडकर चौक से पंसाली चौक के बीच संदिग्ध अपराधियों को घेर लिया। जांच के दौरान पुलिस को इनकी मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह ऑपरेशन चलाया गया।

जैसे ही पुलिस ने गैंगस्टरों को रुकने का इशारा किया, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं और मुठभेड़ लंबी चली। दोनों ओर से गोलीबारी के बीच चारों अपराधी घायल हुए और पुलिस उन्हें तत्काल डॉ. बीएसए अस्पताल, रोहिणी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मारे गए अपराधियों की पहचान:

  • रंजन पाठक
  • बिमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी
  • मनीष पाठक
  • अमन ठाकुर


इन चारों में से तीन आरोपी बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले थे, जबकि एक आरोपी दिल्ली का निवासी था। सिग्मा गैंग का सरगना रंजन पाठक 25 वर्ष का था और बिहार के सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र के मलहई गांव का रहने वाला था।


दूसरा अपराधी बिमलेश महतो, उम्र 25 वर्ष, रतनपुर गांव, थाना बजपट्टी, सीतामढ़ी का निवासी था। तीसरा अपराधी मनीष पाठक, उम्र 33 वर्ष, उसी इलाके के मलहई गांव का था। चौथा अपराधी अमन ठाकुर, उम्र 21 वर्ष, दिल्ली के करावल नगर स्थित शेरपुर गांव का रहने वाला था।


पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी बिहार में कई संगीन और जघन्य आपराधिक मामलों में वांछित थे। सिग्मा गैंग पर हत्या, रंगदारी, लूट और अपहरण जैसे मामलों में कई प्राथमिकी दर्ज थीं। बिहार पुलिस और दिल्ली पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश में जुटी थी। सूत्रों के मुताबिक, रंजन पाठक और उसका गिरोह हाल ही में राजधानी दिल्ली में कार्यवाही की गई।


एनकाउंटर के बाद पुलिस ने मौके से कई हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी बरामद वस्तुओं को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अब इनकी बाकी अपराधी नेटवर्क और संभावित संपर्कों की पड़ताल में जुटी है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच का कहना है कि यह ऑपरेशन अपराध जगत के लिए एक बड़ा झटका साबित होगा, क्योंकि सिग्मा गैंग ने हाल के महीनों में बिहार और दिल्ली दोनों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था।


इस मुठभेड़ के बाद दोनों राज्यों की पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार सूचना विनिमय कर रही है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने का अभियान जारी रहेगा।


Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story